खेती क‍िसानी में व्यस्त हुए क‍िसान, रोपाई के लिए नहीं मिल रहे मजदूर
खेती क‍िसानी में व्यस्त हुए क‍िसान, रोपाई के लिए नहीं मिल रहे मजदूर

खेती क‍िसानी में व्यस्त हुए क‍िसान, रोपाई के लिए नहीं मिल रहे मजदूर

धमतरी, 26 जुलाई (हि.स.)। अंचल में बीते दो दिन के भीतर हुई बारिश के बाद एक बार फर से किसानी कार्य में तेजी आ गई है। खरीफ फसल के रूप में धान की रोपाई तेजी के साथ हो रही है। एक साथ कई खेत में रोपाई कार्य शुरू होने से किसानों के समक्ष मजदूरों की समस्या आ खड़ी हुई है। अधिक मजदूरी देकर किसान खेतों में रोपाई करा रहे हैं। शहर सीमा से लगे ग्राम मुजगहन, रत्नाबांधा, लोहरसी, शंकरदाह हरफतराई, डोड़की, गोकुलपुर वार्ड, भटगांव, श्यामतराई सहित अन्य गांव में रोपाई तेजी से हो रही है। कई साधन संपन्न किसान मोटर पंप की सहायता से पहले ही धान की रोपाई कर चुके हैं। कई किसानों ने बाद में रोपाई शुरू की। खेतों में धान की रोपाई शुरू होने से किसानों के समक्ष मजदूरों की समस्या हो गई है। ऐसे में अंचल के किसान अधिक मजदूरी देकर धान की रोपाई करने विवश हैं। ग्राम भटगांव के किसान मोहन साहू, राजेश कुमार साहू, पवन साहू ने कहा कि धान की रोपाई के लिए मजदूर मिलना मुश्किल हो गया है। रोपाई पिछड़ते जा रही है। अब तक खरीफ फसल की रोपाई हो जानी चाहिए थी। समय पर रोपाई न होने के कारण धान के उत्पादन पर असर पड़ता है। इन दिनों पुरुष मजदूरी 170 रुपये और महिला मजदूरी 140 रुपये के बीच चल रही है। इसी तरह एक एकड़ रोपाई का ठेका चार हजार रुपये के बीच चल रहा है। मालूम हो कि अंचल के अधिकांश किसान खरीफ फसल के रूप में धान की पैदावार लेते हैं। धान का समर्थन मूल्य बढ़ने से अधिकांश किसानों का रुझान धान की पैदावार लेने में है। अधिकांश किसान धान की तेजी से तैयार होने किस्म आई आर 64 का उत्पादन कर रहे हैं। किसान बलराम साहू, यशकरण साहू ने कहा कि धान की रोपाई का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। मौसम खुलने के बाद सभी किसान जल्द से जल्द रोपाई करना चाह रहे हैंं। रूपेश कुमार साहू, तेजू राम साहू, कैलाश साहू ने बताया कि जिन किसानों ने धान की नर्सरी तैयार नहीं की है, वे इन दिनों अन्य किसान से रोपाई के लिए थ्रहा भी खरीद रहे हैं। मालूम हो कि कृषि विभाग ने इस साल खरीफ फसल के लिए बोआई का लक्ष्य एक लाख 67 हजार हेक्टेयर में रखा है। हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.