Loksabha Elections 2024: एनडीए वर्सेज इंडी में किसका निकलेगा दम? निर्णायक प्रदेशों में आज वोटिंग कम

Election 2024 2nd Phase Voting: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उम्मीद के मुताबिक अब तक वोटिंग कुछ खास नहीं हुई है। कुछ प्रदेशों में तेज धूप और हीटवेब की वजह से भी मतदान प्रतिशत प्रभावित हुआ है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान। रफ्तार।

नई दिल्ली, रफ्तार। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। सबसे बड़ी लोकसभा सीट वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश में वोटिंग प्रतिशत उम्मीद की अपेक्षा कम है। दोपहर 3 बजे तक प्रदेश में 44.13 प्रतिशत मतदान हुआ है। यही स्थिति बिहार की है, जहां 44.24 मतदान हुआ है। ये दो राज्य किसी भी पार्टी के सत्ता पाने को निर्णय प्रदेश होते हैं। दूसरी तरफ छोटे प्रदेशों में मतदान सबसे अधिक हुआ है। त्रिपुरा, मणिपुर में सबसे अधिक वोटिंग हुई है। मतदान के आंकड़े भारत निर्वाचन आयोग ने दोपहर 3 बजे जारी किए हैं। मतदान शाम 6 बजे तक होगा।

किस राज्य में कितनी वोटिंग?

त्रिपुरा : 68.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। मणिपुर : 68.48, छत्तीसगढ़ : 63.92, पश्चिम बंगाल : 60.60, असम : 60.32, राजस्थान : 50.27, जम्मू एंड कश्मीर : 57.76, मध्य प्रदेश : 46.50, केरल : 51.64, उत्तर प्रदेश : 44.13, कर्नाटक : 50.93, बिहार : 44.24, महाराष्ट्र्र : 43.01 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि आयोग द्वारा अंतिम आंकड़ा रात आठ या नौ बजे जारी किया जाएगा।

2019 चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा ने जीती थी 50 सीटें

लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण में सबसे अधिक भाजपा ने 50 सीटों पर जीत दर्ज की थी। NDA के सहयोगी दलों ने 8 सीटों पर कब्जा जमाया था। कांग्रेस 21 सीट जीती थी। अन्य दलें 9 सीटें जीत सके थे। चुनाव आयोग के आंकड़े बताते हैं कि दूसरे चरण में 1198 उम्मीदवार हैं। इनमें से 1097 पुरुष और 100 महिला उम्मीदवार हैं। एक प्रत्याशी थर्ड जेंडर है।

चुनावी मैदान में ये दिग्गज

राहुल गांधी: केरल की वायनाड से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उम्मीदवार हैं।

शशि थरूर: केरल की तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर दोबारा प्रत्याशी हैं।

राजीव चंद्रेशखर: केरल की तिरुवनंतपुरम पर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रेशखर भाजपा से भाग्य आजमा रहे हैं।

ओम बिरला: राजस्थान की कोटा-बूंदी सीट से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भाजपा से प्रत्याशी हैं।

गजेंद्र सिंह शेखावतः राजस्थान की जोधपुर सीट से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मैदान में हैं।

हेमा मालिनी : मथुरा सीट से एक्ट्रेस एवं सांसद और हेमा मालिनी फिर से उम्मीदवार हैं।

इस चरण में 250 उम्मीदवारों पर आपराधिक केस

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) के आंकड़े बताते हैं कि दूसरे चरण के 21% यानी 250 उम्मीदवारों पर आपराधिक केस दर्ज हैं। इसके साथ ही 390 यानी 33% उम्मीदवार करोड़पति हैं। 6 उम्मीदवारों ने संपत्ति शून्य बता रखी है। तीन प्रत्याशियों के पास 500 रुपए से 1 हजार रुपए की संपत्ति है।

खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in