Elections: कोई प्रत्याशी करोड़पति तो किसी को है गाड़ियों का शौक, किसी के खिलाफ 17 मामले दर्ज

भाजपा प्रत्याशी की नकद राशि बीते पांच वर्ष में 45 हजार बढ़ी है। एटा संसदीय सीट से प्रत्याशी इरफान 2.24 करोड़ की सम्पत्ति के मालिक है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार पर 17 मुकदमे दर्ज हैं।
Lok Sabha Election 2024
Lok Sabha Election 2024Raftaar.in

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कहने के लिए तो नेता जनप्रतिनिधि होते है। कागजों में इनकी संपत्ति भी कम होती है ताकि आम जनता लगें, लेकिन फिर भी करोड़पतियों और महंगी गाड़ियों के शौकीन होते है। लोकसभा चुनाव 2024 के मैदान में उतरे भाजपा और सपा समेत चर्चित पार्टियों के कई प्रत्याशी करोड़पति हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ पर तो 17 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मैनपुरी संसदीय सीट से बसपा प्रत्याशी शिव प्रसाद हथियारों के शौकीन हैं।

पांच साल में बढ़ी 45 हजार नकदी

भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर की नकद राशि बीते पांच वर्ष के मुकाबले कुल 45 हजार रुपये बढ़ी है। वर्ष 2019 में राजकुमार के पास 1.50 लाख रुपये की नकदी थी जो अब बढ़कर 1.95 लाख हो गई। जबकि उनकी पत्नी के पास 1.05 लाख से बढ़कर 1.80 लाख रुपये हो गए। बैंक से कोई भी ऋण नहीं है। चल संपत्तियों में 28.30 लाख और पत्नी के पास 58.90 लाख रुपये की हैं। अचल संपत्तियां दो करोड़ रुपये की हैं। राजकुमार के पास एक जीप है।

करोड़पति हैं सपा प्रत्याशी सुरेश चंद कर्दम

आगरा लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी सुरेश चंद कर्दम करोड़पति हैं। शांति भंग को लेकर पुलिस आयुक्त के यहां वाद लंबित है। खुद के पास 50 हजार रुपये की नकदी है। पिछले पांच साल में निर्धारित समय पर रिटर्न दाखिल किया है। खुद के पास दो गाड़ी है। एक राइफल है। एक दुकान है। सपा नेता पर बैंक से कोई भी ऋण नहीं है। 1.36 करोड़ रुपये की खुद और 1.54 करोड़ रुपये की पत्नी के पास संपत्तियां हैं। खुद के पास 3 करोड़ और पत्नी के पसा 75 लाख की भूमि है।

2.24 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं मोहम्मद इरफान

एटा संसदीय सीट से बसपा प्रत्याशी मोहम्मद इरफान दो करोड 24 लाख की चल व अचल सम्पत्ति के मालिक है। पत्नी और तीन बच्चों की संपत्ति जोड़ी जाए तो उन पर कुल संपत्ति चार करोड़ 47 लाख बनती है। उनके पास कुल चल संपत्ति 23 लाख रुपये है। एक लाख 25 हजार रुपये नगद हैं। स्कार्पियो गाडी, एक सोने व एक चांदी की अंगूठी है। डीबीबीएल गन है। दो करोड़ एक लाख की अचल संपत्ति है। पत्नी शगुफ्ता पर नगद पांच हजार और पांच तोला सोने के आभूषण है। पत्नी पर दो करोड पांच लाख की अचल संपत्ति भी है।

कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ पर हैं 17 मुकदमे

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार पर 17 मुकदमे दर्ज हैं। अभी तक के प्रत्याशियों में मुकदमों की यह संख्या सबसे अधिक है। हालांकि किसी भी वाद में अभी तक दोष सिद्ध नहीं हुआ है। खुद के पास 54 हजार और पत्नी के पास 17 हजार रुपये की नकदी है। एसबीआइ जगनेर में 2.73 लाख रुपये जमा हैं। कोई भी वाहन नहीं है। पत्नी के पास 50 ग्राम सोना और 300 ग्राम चांदी है। पांच एकड़ खेती कठूमरी में है। 300 वर्ग फीट का आवासीय भवन है। बैंक से कोई कर्ज नहीं है। पेंशन मिलती है।

हथियारों के शौकीन हैं शिव प्रसाद

मैनपुरी संसदीय सीट पर बसपा प्रत्याशी शिव प्रसाद यादव करोड़पति हैं। राइफल, रिवाल्वर और दोनाली बंदूक उनके पास है। वाहन के नाम पर केवल एक ट्रैक्टर है। 50 ग्राम सोने के आभूषण रखने वाले बसपा प्रत्याशी की पत्नी संतोष कुमारी के पास भी डेढ़ सौ ग्राम सोने के और आठ सौ ग्राम चांदी के आभूषण हैं। शपथ पत्र के अनुसार, बीए शिक्षित और 53 वर्षीय शिवप्रसाद के पास 18.62 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है, जबकि पत्नी संतोष कुमारी 4.35 करोड़ की संपत्ति की मालिक हैं। आय का साधन कृषि और दुग्ध व्यवसाय है।

करोड़पति हैं बसपा प्रत्याशी हेमबाबू धनगर

हाथरस लोस क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी हेमबाबू धनगर ने गुरुवार को नामांकन किया। साफ्टवेयर इंजीनियर हेमबाबू धनगर करोड़पति हैं। चल संपत्ति 29.33 लाख रुपये की है, जिसमें दो लाख रुपये नकद, जायलो कार, 500 ग्राम सोना एवं अचल संपत्ति 2.10 करोड़ रुपये की है। उन पर 99 लाख रुपये का ऋण भी है। पत्नी शिक्षिका हैं। उनके नाम कुल 24.8 लाख की चल संपत्ति है। इसमें 300 ग्राम सोना एवं एक लाख की नकदी शामिल है। इसके अलावा 21 लाख की अचल संपत्ति है। इनके खिलाफ न तो कोई मुकदमा दर्ज है और न ही कोई लाइसेंसी हथियार है।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in