
नई दिल्ली, हि.स.। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के प्रचार में सभी दलों के नेता पसीना बहा रहे हैं। राजस्थान भाजपा के सभी कद्दावर नेता अपने-अपने प्रभाव क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियों ने विपक्ष की नींद हराम कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पाली और बीकानेर में मतदाताओं से रूबरू होंगे।
जेपी नड्डा भी राजस्थान में करेंगे चुनाव प्रचार
भाजपा के एक्स पर जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर 12 बजे जाडन (पाली) और अपराह्न 3ः30 बजे पीलीबंगा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे बीकानेर में भाजपा के रोड शो में हिस्सा लेंगे। आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राजस्थान में चुनाव प्रचार करेंगे। नड्डा दोपहर 1 बजे श्रीराम वाटिका नाथद्वारा रोड कांकरोली (राजसमंद) में विजय संकल्प सभा और शाम 4ः05 बजे उदयपुर शहर में विजय संकल्प रोड शो में हिस्सा लेंगे।
केकड़ी में प्रियंका गांधी भरेंगी चुनावी हुंकार, रंधावा और पायलट भी होंगे साथ
राजस्थान की हॉट सीट केकड़ी में आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी अपने भाषण के माध्यम से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रघु शर्मा के पक्ष में वोट मांगेगी।
प्रियंका के साथ राजस्थान के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी हिस्सा लेंगे। इसको लेकर केकड़ी के कांग्रेसी प्रत्याशी रघु शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात की जानकारी दी।
वसुंधरा राजे आज आसींद में, बीजेपी प्रत्याशी जब्बर सिंह के लिए करेंगी रैली
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आज आसींद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी जब्बर सिंह सांखला के समर्थन में गुलाबपुरा कस्बे में जनसभा को संबोधित करेंगी। वसुंधरा राजे आज शाम 4 बजे यहां रैली करने आएंगी।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in
रफ़्तार के WhatsApp Channel को सब्सक्राइब करने के लिए क्लिक करें Raftaar WhatsApp
Telegram Channel को सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें Raftaar Telegram