नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की 2026 की बोर्ड परीक्षाओं की नई समय-सारिणी जारी कर दी है। प्रशासनिक कारणों से पहले 3 मार्च को होने वाले पेपर अब स्थगित कर दिए गए हैं। कक्षा 10 की परीक्षा अब 11 मार्च 2026 से आयोजित होगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को होगी। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर संशोधित समय-सारिणी देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
कक्षा 10 की परीक्षाओं का नया शेड्यूल
कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। पहले फेज में 17 फरवरी को मैथ्स (स्टैंडर्ड और बेसिक) का एग्जाम होगा। इसके बाद विभिन्न व्यावसायिक और अकादमिक विषयों की परीक्षाएं 18 फरवरी से 9 मार्च तक आयोजित होंगी। क्षेत्रीय और विदेशी भाषाओं के पेपर जैसे तिब्बती, भोटी, बोडो, जर्मन, जापानी, स्पेनिश और बहासा मलयू का एग्जाम 11 मार्च को होगा। इस दिन ही एकेडमिक इलेक्टिव्स जैसे एलिमेंट्स ऑफ बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी का पेपर भी होगा। इस बार पहली बार 10वीं की परीक्षाएं दो फेज में आयोजित की जाएंगी, जो 17 फरवरी से 15 जुलाई 2026 तक चलेंगी।
कक्षा 12 की परीक्षाओं का नया शेड्यूल
कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक होंगी और दो शिफ्ट में आयोजित की जाएंगी। सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पेपर होंगे। मुख्य विषयों में फिजिक्स (20 फरवरी), बिजनेस स्टडीज और एडमिनिस्ट्रेशन (21 फरवरी), साइकोलॉजी (23 फरवरी), ज्योग्राफी (26 फरवरी), केमिस्ट्री (28 फरवरी), मैथमेटिक्स और एप्लाइड मैथमेटिक्स (9 मार्च), इंग्लिश कोर एवं इलेक्टिव (12 मार्च), होम साइंस (14 मार्च), हिंदी कोर/इलेक्टिव (16 मार्च), इकोनॉमिक्स (18 मार्च), मार्केटिंग (20 मार्च), पॉलिटिकल साइंस (23 मार्च), बायोलॉजी (27 मार्च), अकाउंटेंसी (28 मार्च), हिस्ट्री (30 मार्च), सोशियोलॉजी (4 अप्रैल) और लीगल स्टडीज (10 अप्रैल) शामिल हैं।
छात्रों के लिए तैयारी की सलाह
सीबीएसई ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर ही संशोधित समय-सारिणी की पुष्टि करें। यह बदलाव छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने और प्रशासनिक कारणों से हुआ है। सभी विषयों की तारीखों और शिफ्ट की जानकारी समय पर जांचना जरूरी है, ताकि कोई भ्रम या परीक्षा में बाधा न आए।




