नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। गणेश चतुर्थी न केवल पूजा-पाठ का पर्व है, बल्कि यह भावनाओं और भक्ति की गहराई का उत्सव भी है। भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी को जब बप्पा घर आते हैं, तो उनके स्वागत में हर कोना जैसे बोल उठता है बप्पा मोरया!इस पावन अवसर पर केवल मूर्ति ही नहीं, बल्कि उनका दरबार भी विशेष होना चाहिए, ताकि हर बार दर्शन करते समय हृदय श्रद्धा से भर जाए। आइए जानते हैं कुछ ऐसे मनमोहक और सरल आइडियाज के बारे में जिनसे आप गणपति बप्पा के दरबार को नये अंदाज़ में सजा सकते हैं।
1. लाल रूमाल से तैयार करें पारंपरिक पृष्ठभूमि
लाल रंग शक्ति और शुभता का प्रतीक होता है। एक गोल दफ्ती पर सफेद कागज चिपकाएं और लाल रूमाल में रूई भरकर उसे फूल की पंखुड़ी जैसा आकार दें। इन पंखुड़ियों को किनारों पर सजा दें और बीच में कुछ सुंदर कृत्रिम फूल या चमकदार सजावटी सामग्री जोड़ें। यह सजावट सादगी के साथ-साथ पारंपरिक आकर्षण भी उत्पन्न करती है।
2. पीपल की पत्तियों से जोड़ें आध्यात्मिक स्पर्श
पीपल का वृक्ष भारतीय संस्कृति में अत्यंत पवित्र माना गया है। इसकी पत्तियां न केवल प्राकृतिक सौंदर्य लाती हैं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार भी करती हैं। गोल गत्ते के चारों ओर पीपल की पत्तियों को सुसंगत ढंग से चिपकाएं और बीच में रंगीन फूल लगाकर संतुलित सौंदर्य प्रदान करें। यह बैकग्राउंड बप्पा के दिव्य स्वरूप को और निखारेगा।
3. ताजे फूलों से करें बप्पा का स्वागत
गेंदे, गुलाब या रजनीगंधा जैसे ताजे फूलों से बना बैकग्राउंड न केवल दृश्यात्मक रूप से आकर्षक होता है, बल्कि वातावरण में दिव्यता और सुगंध भी भर देता है। फूलों को गोल आकृति में पिन या गोंद की मदद से सजाएं। यह सजावट पूजा स्थल को स्वर्गिक अनुभव देगी।
4. रंग-बिरंगी लटकन से बढ़ाएं दरबार की शोभा
छोटे लकड़ी या बांस से स्टैंड तैयार करें और उस पर रंगीन गोटा, मोती, रिबन या फूलों की लटकन बनाएं। इन्हें ऊपर-नीचे की दिशा में सजाएं ताकि मूर्ति के चारों ओर जीवंतता और उत्सव का वातावरण निर्मित हो। यह सजावट बच्चों और बड़ों, दोनों को आकर्षित करती है।
5. अपने हाथों से सजाएं—DIY से जुड़े मन
अगर आप चाहें तो बच्चों के साथ मिलकर सजावटी आइटम खुद से तैयार करे, जिसमें पुराने गिफ्ट रिबन या फैब्रिक से क्रिएटिव लटकन और झालर तैयार करें। इसमें रंग-बिरंगे कागज़ से फूल बनाएं और दरबार को सजाएं। फिर पुराने सजावटी सामान, प्लास्टिक की बोतलें या डिब्बों का इस्तेमाल कर सुंदर झांकी बनाएं।इससे बप्पा के दरबार में केवल सौंदर्य ही नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव भी दिखेगा।
सजावट में झलकनी चाहिए आपकी श्रद्धा
गणेश चतुर्थी के अवसर पर की गई सजावट केवल बाहरी शोभा नहीं होती, यह हमारी श्रद्धा, प्रेम और भक्ति की झलक होती है। जरूरी नहीं कि सजावट महंगी हो, बल्कि उसमें अपनापन और सच्ची भावना होनी चाहिए। इस वर्ष बप्पा का स्वागत करें एक ऐसे दरबार में, जो उनकी कृपा को आमंत्रित करे और हर आगंतुक के हृदय को छू जाए।




