नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजें सामने आने के बाद राज्य को एक नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। इस बार के विधानसभा चुनाव में 19 सीटें जीतकर उभरी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब सत्ता समीकरणों में केंद्र में आ गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि पार्टी अगली सरकार में डिप्टी सीएम पद पर अपना मजबूत दावा पेश कर सकती है।
पार्टी के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अब इस अटकल पर अपना रुख साफ कर दिया है, जिससे बिहार की सत्ता राजनीति में चल रही चर्चाओं को नया मोड़ मिला है।
बिहार की नई सरकार में LJP(R) के डिप्टी सीएम पद पर दावा ठोकने की चर्चाओं पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी गठबंधन धर्म का पालन करेगी और फिलहाल इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई है। सरकार में पार्टी की भूमिका आगे की चर्चा के बाद तय होगी।
एक प्रेस वार्ता में चिराग पासवान ने उपमुख्यमंत्री पद से जुड़े सवालों पर स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी गठबंधन धर्म का पालन करेगी और इस मुद्दे पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि नयी सरकार में संकल्प पत्र के एजेंडे को पूरा करना प्राथमिकता होगी, जबकि सरकार में LJP(R) की भूमिका आगे की बातचीत के बाद तय होगी।
प्रेस वार्ता से पहले चिराग पासवान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से बधाई और शुभकामनाएं देने आया था।” उनकी यह भेंट सरकार गठन से पहले बदलते राजनीतिक समीकरणों को लेकर काफी अहम मानी जा रही है।
उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रतिनिधि के रूप में मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने पहुंचा था।” उनकी यह टिप्पणी नयी सरकार के गठन से पहले राजनीतिक संदेशों के तौर पर देखी जा रही है।





