नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच छपरा सीट से आरजेडी उम्मीदवार और भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव पर अब तेजप्रताप यादव का तंज सियासी हलचल मचा रहा है। तेजप्रताप ने मीडिया के एक सवाल पर जवाब देते हुए कहा, कौन सा जॉब देंगे खेसारी लाल, नाचने वाला? उनके इस बयान के सामने आते ही बिहार की सियासत में ‘नाचने वाला’ शब्द एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।
खेसारी पर तेजप्रताप का निशाना
दरअसल, मीडिया ने तेजप्रताप यादव से सवाल किया कि खेसारी लाल यादव दावा कर रहे हैं कि महागठबंधन सरकार बनने पर 2 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। इस पर तेजप्रताप ने व्यंग्य करते हुए यह टिप्पणी कर दी। तेजप्रताप ने साथ ही यह भी कहा कि भाजपा के घोषणापत्र में जो एक करोड़ रोजगार देने की बात कही गई है, अभी चुनाव चल रहा है, देख लेते हैं आगे क्या होता है।
पहले भी मचा था ‘नाचने वाले’ बयान पर बवाल
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी खेसारी लाल यादव को लेकर बयान दिया था कि,आरजेडी को उम्मीदवार नहीं मिला तो एक नाचने वाले को मैदान में उतार दिया। उनके इस बयान की विपक्ष ने तीखी आलोचना की थी। खुद भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी भी सामने आए और कहा, किसी के पेशे का मज़ाक उड़ाना ठीक नहीं। सबसे ज्यादा कलाकार अगर कहीं हैं तो वो एनडीए में हैं। खेसारी बाबू को चिंता करने की ज़रूरत नहीं।
छपरा में BJP बनाम RJD की साख की लड़ाई
छपरा विधानसभा सीट इस बार भी सियासी मुकाबले का केंद्र बनी हुई है। भोजपुरी सिनेमा के चर्चित चेहरों में शुमार खेसारी लाल यादव पहली बार आरजेडी के टिकट पर मैदान में हैं। वहीं भाजपा इस सीट पर लगातार तीसरी जीत दर्ज कर हैट्रिक बनाना चाहती है। बता दे कि, साल 1957 में बनी इस सीट पर अब तक 17 बार चुनाव हो चुके हैं। कांग्रेस ने यहां चार बार जीत दर्ज की है (आखिरी बार 1972 में)। 2005 में जदयू, 2010 और 2020 में भाजपा ने कब्जा जमाया। 2014 के उपचुनाव में राजद के रणधीर कुमार सिंह जीते थे। वर्तमान में यह सीट भाजपा विधायक सी.एन. गुप्ता के पास है।
छपरा के निर्णायक मतदाता
छपरा में वैश्य, यादव और मुस्लिम मतदाता चुनाव परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा ब्राह्मण, राजपूत, कुशवाहा, पासवान और ईबीसी मतदाताओं की भी मजबूत पकड़ है।छपरा न केवल सारण प्रमंडल का मुख्यालय है, बल्कि यह घाघरा नदी के तट पर बसा एक प्रमुख शहरी और व्यापारिक केंद्र भी है।
सियासत में ग्लैमर का तड़का
भोजपुरी फिल्मों की हिट मशीन कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव का राजनीति में आगमन छपरा की सियासत में नया रंग भर रहा है। हालांकि अब उनके खिलाफ उनके ही गठबंधन के नेता का बयान माहौल को और गरमाने लगा है।राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तेजप्रताप का यह तंज कहीं घर की लड़ाई का संकेत तो नहीं?




