नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पूर्णिया में चुनावी सभा के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो 1971 से बिहार में रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकाला जाएगा।
लालू, राहुल और तेजस्वी पर निशाना
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये नेता बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाने की कोशिश करते हैं, लेकिन एनडीए सरकार उन्हें चुन-चुनकर बाहर निकालेगी। तेजस्वी यादव को लेकर भी उन्होंने कहा कि उनकी पहचान सिर्फ लालू यादव के बेटे तक ही सीमित है।
गजवा-ए-हिंद पर दिया जवाब
योजना आयोग की पूर्व सदस्य सैयदा हमीद के गजवा-ए-हिंद वाले बयान पर गिरिराज सिंह ने कहा कि जब वह योजना आयोग में थीं, तब उन्होंने इंदिरा गांधी या सोनिया गांधी से इस मुद्दे पर सवाल क्यों नहीं उठाया? उन्होंने साफ कहा कि ऐसे बयान देश के नागरिकों को पसंद नहीं हैं।
वोटर अधिकार यात्रा पर तंज
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी और नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों नेताओं पर आज तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। जबकि कांग्रेस और लालू की सरकारें हमेशा विवादों में घिरी रहीं।
नीतीश कुमार के टोपी न पहनने पर क्या बोले?
मदरसा बोर्ड के कार्यक्रम में नीतीश कुमार द्वारा टोपी न पहनने के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश ने दिखावा नहीं किया। लालू यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि टोपी पहनना और छठ पूजा करना उनका सिर्फ दिखावा है। नीतीश कुमार ने असल में अल्पसंख्यकों के विकास के लिए काम किया है।
पप्पू यादव पर टिप्पणी
पप्पू यादव के तेजस्वी यादव को ‘जननायक’ कहने पर गिरिराज सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर उनके पास इतना पैसा कहां से आता है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग को पप्पू यादव की जांच करनी चाहिए। गिरिराज सिंह ने जोर देकर कहा कि इस बार भी बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने नीतीश कुमार की विकास योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 20 सालों में बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है। इसी काम के दम पर एनडीए फिर से सत्ता में लौटेगी।





