नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह अब ज्यादा समय तक केंद्र की राजनीति में नहीं रहना चाहते। उनका कहना है कि “मेरा प्रदेश मुझे बुला रहा है”, और उनकी प्राथमिकता बिहार है। इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है, खासकर तब जब राज्य में 2025 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट: चिराग की मुहिम फिर चर्चा में
चिराग पासवान का ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ अभियान कोई नया नहीं है। 2013 में राजनीति में कदम रखने के बाद से ही वे इस नारे को लेकर आगे बढ़ते रहे हैं। उन्होंने युवाओं और शिक्षकों से मिलकर बिहार के मुद्दों को उठाया है। अब जब उन्होंने फिर से बिहार की राजनीति में सक्रिय होने की बात कही है, तो यह साफ संकेत माना जा रहा है कि वे विधानसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं। लोजपा (रामविलास) के कई कार्यकर्ता लगातार चिराग पासवान से बिहार में सक्रिय भूमिका निभाने की मांग कर रहे हैं। उनकी सभाओं में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी यह दिखाती है कि जमीन पर उनकी पकड़ बनी हुई है। ऐसे में चिराग का यह बयान उनके समर्थकों के उत्साह को और बढ़ा सकता है।
NDA में हलचल की संभावना
बिहार में एनडीए पहले ही यह ऐलान कर चुका है कि विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। चिराग पासवान भी इस बात को स्वीकार कर चुके हैं। लेकिन उनके बिहार में सक्रिय होने की घोषणा से एनडीए के अंदर नई समीकरण बन सकते हैं। जेडीयू पहले ही “2025 से 2030, एक बार फिर नीतीश” का नारा दे चुकी है, ऐसे में चिराग की सक्रियता से राजनीतिक तस्वीर बदल सकती है।
क्या चिराग लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव?
राजनीति के जानकारों का मानना है कि चिराग पासवान आने वाले विधानसभा चुनाव में खुद भी चुनाव लड़ सकते हैं और एक बड़ी रणनीतिक भूमिका निभा सकते हैं। इससे ना केवल लोजपा (रामविलास) को मजबूती मिल सकती है, बल्कि बिहार की राजनीति में नई दिशा भी देखने को मिल सकती है। चिराग पासवान के “मेरा प्रदेश मुझे बुला रहा है” जैसे बयान के पीछे सिर्फ भावना नहीं, बल्कि एक बड़ी राजनीतिक योजना भी नजर आ रही है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि चिराग पासवान बिहार की राजनीति में किस भूमिका में नजर आते हैं और एनडीए के भीतर यह बदलाव किस तरह की सियासी तस्वीर पेश करेगा।




