नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान आज सोमवार, 6 अक्टूबर को होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदान और मतगणना की पूरी तारीखें बताएगा।
243 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में आयोग को इससे पहले चुनाव कराना जरूरी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को साफ किया था कि चुनाव 22 नवंबर से पहले ही पूरे हो जाएंगे। आयोग ने बिहार का दौरा कर राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अफसरों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। सभी दलों ने छठ पूजा (18 से 28 अक्टूबर) और दिवाली के बाद चुनाव कराने की मांग की थी ताकि बाहर से लौटने वाले प्रवासी मतदाता भी वोट डाल सकें। संभावना जताई जा रही है कि मतदान अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में दो चरणों में होगा।
नई चुनावी व्यवस्था: 22 साल बाद मतदाता सूची का शुद्धिकरण
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि बिहार में 22 साल बाद मतदाता सूची का बड़ा शुद्धिकरण हुआ है। अब हर मतदान केंद्र पर सिर्फ 1,200 मतदाता ही होंगे ताकि भीड़भाड़ न हो। इसके अलावा, सभी बूथों पर 100% वेबकास्टिंग, मोबाइल जमा सुविधा और VVPAT पर्चियों की अनिवार्य जांच जैसी नई पहलें शुरू की जाएंगी। 243 सीटों में से 38 सीटें अनुसूचित जाति (SC) और 2 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित होंगी। EC का कहना है कि बिहार में अपनाए जा रहे ये कई सुधार आगे चलकर पूरे देश में लागू किए जा सकते हैं।
सबकी निगाहें शाम 4 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर
अब बिहार की सियासत की नज़रें चुनाव आयोग की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में राजनीतिक हलचल और भी तेज़ होने की पूरी उम्मीद है।





