नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की परेशानी बढ़ सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने पर उनके खिलाफ महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में एफआईआर दर्ज की गई है।
महाराष्ट्र में विधायक की शिकायत पर दर्ज मामला
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से बीजेपी विधायक मिलिंद रामजी नरोटे ने तेजस्वी यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 22 अगस्त को तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक और अपमानजनक पोस्ट किया। गढ़चिरौली थाने में उनके खिलाफ धारा 196(1)(ए)(बी), 356(2)(3), 352, 353(2) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
यूपी में भी दर्ज हुई FIR
वहीं उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बीजेपी की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने भी तेजस्वी यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से देशभर के लोग आहत हैं। शिल्पी गुप्ता ने पुलिस से तेजस्वी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या था तेजस्वी यादव का पोस्ट?
तेजस्वी यादव ने 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गयाजी दौरे से पहले अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक कार्टून पोस्ट किया था। इस कार्टून में पीएम मोदी को एक दुकानदार के रूप में दिखाया गया था और दुकान के बोर्ड पर लिखा था, बयानबाजी की मशहूर दुकान साथ ही तेजस्वी यादव ने पोस्ट में सवाल किया था कि बिहार में एनडीए के 20 साल और पीएम के 11 साल के शासन का हिसाब कौन देगा? बिहार चुनावी मौसम में इस पोस्ट को लेकर तेजस्वी यादव पर दो राज्यों में एफआईआर दर्ज होना उनके लिए नई राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर सकता है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जबकि आरजेडी इसे बीजेपी का दबाव बताकर राजनीतिक साजिश बता रही है।





