नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार में 3 मार्च को पेश होने वाले बजट के दौरान राज्य की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी से राहत देने के लिए सरकार से कई अहम मांगें की हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि महिलाओं को हर महीने ₹2500 दिए जाएं और गैस सिलेंडर की कीमत ₹500 की जाए। इसके अलावा, वृद्धा और विकलांग पेंशन बढ़ाने और 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की मांग भी उठाई है।
‘महिलाओं को ₹2500 और सस्ता गैस सिलेंडर चाहिए’
तेजस्वी यादव का कहना है कि बिहार की महिलाएं महंगाई की सबसे ज्यादा मार झेल रही हैं। ऐसे में सरकार को उन्हें आर्थिक मदद देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खाते में हर महीने ₹2500 डाले जांए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर ₹500 में उपलब्ध कराया जाए, ताकि गरीब परिवारों को राहत मिले। फिलहाल सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश जी इस प्लान को कापी पेस्ट कर लिजिए।
बिजली मुफ्त और पेंशन बढ़ाने की मांग
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार से यह भी मांग की है कि हर परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त मिले, ताकि गरीबों को राहत मिले। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में मुफ्त बिजली दी जा रही है, तो बिहार में भी यह सुविधा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने वृद्धा और विकलांग पेंशन बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “बिहार में बुजुर्गों को सिर्फ ₹400 पेंशन मिलती है, जो बहुत कम है। इसे बढ़ाकर ₹1500 किया जाए।” विकलांग पेंशन भी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सहायता मिल सके।
बजट अभिभाषण पर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर तंज कसते हुए कहा कि इसे सुनकर कंफ्यूजन हो गया कि यह किस साल का अभिभाषण है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर बिहार के लोगों को ठगने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार का यह आखिरी बजट है, इसलिए सरकार को जनता के हित में बड़े फैसले लेने चाहिए। तेजस्वी यादव की मांगों ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार इन मांगों पर क्या रुख अपनाते हैं। क्या बजट में इन घोषणाओं को शामिल किया जाएगा या फिर विपक्ष का यह मुद्दा सिर्फ बहस का विषय बनेगा? इसका जवाब जल्द ही सामने आएगा।




