नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार के मोकामा में राजनीतिक हिंसा ने डर पैदा कर दिया है। यहां जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई। इस गंभीर घटना के लिए NDA प्रत्याशी अनंत सिंह और उनके समर्थकों को जिम्मेदार बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
घटना घोसवरी इलाके में हुई, जहां अनंत सिंह के काफिले ने अचानक प्रियदर्शी के काफिले पर हमला कर दिया, जिससे भीषण हिंसा की स्थिति पैदा हो गई और जनसुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या हो गई।
बिहार में चुनावों से कुछ दिन पहले राजनीतिक हिंसा ने गंभीर रूप ले लिया है। मोकामा में जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक की हत्या से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
NDA प्रत्याशी अनंत सिंह पर लगा हत्या का आरोप
इस हत्या के लिए NDA प्रत्याशी अनंत सिंह को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। हमले में, पीयूष प्रियदर्शी के काफिले के साथ मौजूद उनके समर्थक दुलारचंद यादव को गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जनसुराज पार्टी से जुड़े अन्य नेताओं ने बताया कि उनके उम्मीदवार का काफिला अनंत सिंह की गाड़ी के पीछे चल रहा था। इसी दौरान अचानक अनंत सिंह के समर्थक गाड़ियों से उतरकर उन पर हमला कर दिया। यह घटना मोकामा के घोसवरी इलाके की है।
वहीं, एक अन्य शख्स ने पुलिस को बताया कि जब पीयूष प्रियदर्शी के काफिले की गाड़ियां अनंत सिंह के काफिले के पास से गुजरीं, तो अनंत सिंह के समर्थकों ने अचानक हमला कर दिया।
दोनों काफिले के गुजरते ही पीयूष प्रियदर्शी की गाड़ी पर हमला
मौके पर मौजूद एक अन्य शख्स ने बताया कि, वे पीयूष प्रियदर्शी के काफिले के 10वें वाहन के पीछे चल रहे थे। सामने से अनंत सिंह का काफिला आ रहा था। दोनों काफिले के गुजरते ही अनंत सिंह के समर्थकों ने प्रियदर्शी की गाड़ी पर हमला बोल दिया।
लाठी-डंडों से तोड़फोड़
हमले में गाड़ी का कांच तोड़ दिया गया और लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की गई। यह हमला एक तरह से जानलेवा था। इसके बाद भगदड़ मच गई और कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। पुलिस फिलहाल इन सभी आरोपों की जांच कर रही है।
अनंत सिंह ने आरोपों को गलत बताया
जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार के समर्थक की हत्या के बाद आरोपों के घेरे में आए पूर्व विधायक अनंत सिंह ने आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि वे अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में गए थे, जहां कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके खिलाफ नारेबाजी और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बावजूद उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वहीं से निकल गए।
अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर लगाए आरोप
अनंत सिंह ने दावा किया कि घटना के समय वहां मौजूद लोगों के पास पहले से हथियार थे। उनका कहना है कि यह पूरी रणनीति राजद नेता सूरजभान सिंह द्वारा रची गई थी, ताकि वोटों को डिस्टर्ब किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनके कई समर्थक घायल हुए हैं और उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है।





