नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा मंच से गाली देने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर अब जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर (PK) भी बीजेपी के साथ खड़े हो गए हैं। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस को इस घटना पर माफी मांगनी चाहिए।
बीजेपी का कांग्रेस पर हल्ला बोल
दरभंगा की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ने पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद बिहार की राजनीति में बवाल मच गया। पटना, मुजफ्फरपुर और कई जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस दफ्तरों के बाहर नारेबाजी हुई और जगह-जगह कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई। पटना के सदाकत आश्रम में तो लाठी-डंडे और पत्थरबाजी तक हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
प्रशांत किशोर का बड़ा बयान
समस्तीपुर में आयोजित “बिहार बदलाव सभा” में प्रशांत किशोर ने कहा, किसी भी व्यक्ति की मां या बहन को गाली देना निंदनीय है। नरेंद्र मोदी सिर्फ बीजेपी के नेता नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं, और उनका अपमान पूरे देश का अपमान है। कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी को ऐसे बयान से खुद को बचाना चाहिए और तुरंत माफी मांगनी चाहिए। PK ने यह भी कहा कि मोदी की नीतियों और कामकाज का विरोध करना गलत नहीं है, लेकिन गाली-गलौज करना बिल्कुल उचित नहीं है।
राहुल गांधी के खिलाफ केस
इस पूरे विवाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी असर पड़ा है। उनके खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर बीजेपी ने पटना के बाद दिल्ली में भी कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। यह विवाद बिहार चुनावी माहौल में बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। बीजेपी इसे कांग्रेस के खिलाफ जनता तक ले जा रही है, जबकि अब प्रशांत किशोर का समर्थन मिलने से कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।




