नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर से राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। लोकसभा चुनाव 2024 में उन्होंने काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाए थे। अब चर्चा है कि वे विधानसभा चुनाव में फिर से अपनी किस्मत आजमाएंगे।
बीजेपी के टिकट पर क्या बोले पवन सिंह?
पवन सिंह के विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत में किसी को भी कहीं से चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है। हालांकि, उन्हें पार्टी का टिकट मिलेगा या नहीं, इसका फैसला बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। कुछ दिनों पहले जब पवन सिंह से पूछा गया कि क्या वे बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “समय नजदीक आने दीजिए, सब कुछ पता चल जाएगा। इस बयान के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या बीजेपी उन्हें टिकट देगी, बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि पवन सिंह एक लोकप्रिय गायक हैं और अगर वे पार्टी में आते हैं और पहले से जुड़े रहे हैं, तो उन्हें प्राथमिकता जरूर मिलेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में हार-जीत लोकतंत्र का हिस्सा है और इसका ठीकरा किसी पर नहीं फोड़ा जा सकता।
राबड़ी देवी पर हरिभूषण ठाकुर का पलटवार
बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर भी निशाना साधा। राबड़ी देवी ने हाल ही में कहा था कि अगर नीतीश कुमार उनके साथ आते हैं, तो वे उनकी तारीफ करेंगी। इस पर बचौल ने कहा कि सत्ता का लोभ कुछ लोगों को परेशान कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एनडीए पूरी मजबूती के साथ एकजुट है और सत्ता के लिए तरस रहे लोगों की कोई दाल नहीं गलेगी। गौरतलब है कि हाल ही में जेडीयू के विधान पार्षद भगवान कुशवाहा ने राबड़ी देवी से सदन में कहा था कि वे बाहर आकर नीतीश कुमार के कामों की तारीफ करें। इस पर राबड़ी देवी ने जवाब दिया था कि बीजेपी का साथ छोड़िए, तब हम लोग साथ आएंगे। इस बयान पर भी सियासी हलचल तेज हो गई है।
क्या मिलेगा पवन सिंह को बीजेपी का टिकट?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बीजेपी पवन सिंह को विधानसभा चुनाव का टिकट देगी? फिलहाल, पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अगर ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।




