नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा अगले सप्ताह जल्द हो सकती है। इसके लिए चुनाव आयोग ने अपनी स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली है। राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी जनसंपर्क शुरु कर दिया है। वही, सत्ता और विपक्षी नेताओं के बीच तीखा प्रहार किया जा रहा है।
इस बीच, सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। वही, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस का बड़ा बयान सामने आया है। पशुपति कुमार पारस ने कहा कि, इस बार बिहार के लोग बदलाव के मूड में हैं, जिससे राजनीतिक माहौल गर्माया है।
लोग अब बदलाव चाहते हैं- पशुपति पारस
मीडिया से बातचीत में पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बिहार में 20 सालों से एक ही व्यक्ति सत्ता में है और लोग अब बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 32 जिलों की यात्रा कर लोगों से मुलाकात की है, और हर जगह यह भावना देखने को मिली कि लोग सत्ता में परिवर्तन चाहते हैं।
नौजवानों के नेतृत्व में बने सरकार
पशुपति कुमार पारस ने कहा, “मां दुर्गा से हमारी प्रार्थना है कि इस बार बिहार में सत्ता परिवर्तन हो और नौजवानों के नेतृत्व में सरकार बने।” अब बिहार की जनता का एक ही व्यक्ति से मोह भंग हो गया है। बड़े स्तर पर जनता बदलाव चाहती है जो कि, होना चाहिए।
SIR पर क्या बोले पशुपति कुमार पारस
वहीं, चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाता सूची जारी होने पर उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सूची गलत है, तो क्या लोकसभा चुनाव इसी सूची के आधार पर कराए गए थे, जैसे पहले राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए थे।
पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बिहार में सत्ता पक्ष की स्थिति खराब है, इसलिए वे जानबूझकर वोटर- शोषित, पिछड़े और दलित- का नाम काट रहे हैं, जिससे उन्हें उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
महागठबंधन में सीट बंटवारे पर उन्होंने बताया कि आठ अक्टूबर तक घोषणा की संभावना है और छह अक्टूबर तक घटक दलों को सीटों की जानकारी दे दी जाएगी।
‘सीटों को लेकर कोई मतभेद नहीं’
पशुपति कुमार पारस ने साफ किया कि, महागठबंधन में सीटों को लेकर कोई मतभेद नहीं है और सभी फैसले साझा बैठक में लिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने मंगलवार को एसआईआर के बाद मतदाता सूची जारी की, जिसमें बिहार के कुल मतदाता 7,41,92,357 हो गए हैं, नए नाम जोड़े गए और कुछ हटाए भी गए हैं।





