नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में सियासी घमासान शुरु हो गया है। यहां पर गठबंधन में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। NDA अपनी तरफ से स्पष्ट कर चुका है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा जाएगा। लेकिन, हाल ही में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक बयान से बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है। सीएम सैनी के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, कई लोग सैनी के इस बयान को बिहार में सियासी बदलाव के तौर देख रहे है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने क्या कहा
दरअसल, दिल्ली में रविवार को महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती पर आयोजित ‘राष्ट्रीय जागृति महासम्मेलन’ के मंच से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक राजनीतिक बयान दिया है। उन्होने कहा कि हरियाणा के बाद अब बिहार की बारी है। यह विजय की पताका रुकनी नहीं चाहिए। जीत का परचम बिहार के अंदर भी फहराया जाएगा और हमारे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विजय का झंडा फहराया जाएगा। इस दौरान बिहार के डिप्टी सीएम सम्राज चौधरी भी मंच पर मौजूद थे।
सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लड़ेंगे बिहार चुनाव
सीएम नायब सिंह सैनी ने यह बातें एक राजनीतिक मंच से बोली है। जब यह बात बोल रहे थे, तब सम्राट चौधरी वहीं मौजूद थे। सीएम सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विजय का पताका बिहार में फहराया जाएगा। हमारे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विजय का परचम फहराया जाएगा। ऐसे में हरियाणा सीएम सैनी का सम्राट चौधरी को लेकर दिया गया बयान सियासी मायने में काफी अहम है, क्योंकि राज्य में इसी साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा का चुनाव होना है। इसको लेकर सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव को लेकर अपनी-अपनी रणनीति और तैयारियों में जुट गई है।
RJD ने ली चुटकी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस बयान पर आरजेडी ने चुटकी ली है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं। आप दोनों के बीच में झगड़ा न लगावाएं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब खटारा गाड़ी पर सवार नहीं होगी।
अभी NDA की तरफ से सीएम फेस घोषित नहीं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस बयान के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। क्योंकि, पिछले कुछ दिनों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कह चुके हैं कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेगा। ऐसे में हरियाणा सीएम का ये ताजा बयान नीतीश कुमार के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। क्योंकि NDA नेताओं की और से समय-समय पर यह जरुर कहा गया है कि बिहार चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। लेकिन, चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री बनेंगे यह तय नहीं। न ही NDA की तरफ से सीएम फेस को लेकर अभी कोई अधिकारिक पुष्टि की गई है।





