नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बीजेपी के तेज तर्रार नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को ‘कपूत’ कहकर आड़े हाथों लिया है। मंगलवार को बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गिरिराज ने कहा कि मां दुर्गा कपूत जैसे लोगों को आशीर्वाद नहीं देतीं। उन्होंने तेजस्वी यादव से निवेदन किया कि यदि मां दुर्गा उन्हें आशीर्वाद दे दें तो वे जीवन भर सत्ता में नहीं आ पाएंगे।
गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी के पिता लालू प्रसाद यादव ने बिहार के साथ जो किया, वह दोबारा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब बिहार पुलिस के बल पर नहीं चलेगा। यदि वे फिर से बिहार पर राज करने का आशीर्वाद मांगेंगे, तो करोड़ों लोग भी मां दुर्गा से यही प्रार्थना करते हैं कि लालू परिवार को फिर से सत्ता में आने का मौका न मिले। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने गलत तरीके से आशीर्वाद मांगा है।
तेजस्वी यादव ने मां दुर्गा से मांगा ये आशीर्वाद
नवरात्रि के पहले दिन सोमवार 22 सितंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मां दुर्गा से बिहार के लिए आशीर्वाद मांगा था। उन्होंने लिखा “हे मां! बिहार ने पिछले 20 वर्षों में गरीबी, पलायन, भूखमरी, अपराध, भ्रष्टाचार, और स्वास्थ्य की दयनीय स्थिति झेली है। अब बिहार को इस दुख से उबारिए। जनसेवा के लिए तेजस्वी को शक्ति दीजिए, ताकि वे हर घर में समृद्धि और खुशहाली ला सकें और नया बिहार बना सकें।” तेजस्वी ने अपने संदेश में प्रार्थना के साथ संस्कृत श्लोक भी उद्धृत किया “सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके। शरण्ये त्र्यंबके गौरी नारायणि नमोऽस्तुते।।”
गिरिराज सिंह ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जीएसटी को लेकर दिए गए बयान को खारिज करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सभी वर्गों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सच में ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देना चाहती है, तो उसे संकल्प लेना चाहिए कि पूरा कांग्रेस परिवार केवल भारत में बने सामान का ही इस्तेमाल करेगा।




