नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार में बजट पेश होने के बाद राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। विपक्ष लगातार एनडीए सरकार को घेरने में लगा है, लेकिन सरकार के मंत्री भी पलटवार करने से पीछे नहीं हट रहे। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी यादव और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार चुनाव में विपक्ष सिर्फ 15 सीटों पर सिमट जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यह तो ऐसा बजट है कि तेजस्वी यादव को दो अंकों तक भी सीटें नहीं मिलेंगी। मुंगेरी लाल के सपने तो सब देखते हैं।
राबड़ी देवी के ऑफर पर मंत्री अशोक चौधरी का जवाब
जब अशोक चौधरी से पूछा गया कि राबड़ी देवी ने जेडीयू को साथ आने का ऑफर दिया है, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, “राबड़ी देवी के ऑफर में कौन इंटरेस्ट ले रहा है? उनके साथ तो हम पहले ही दो-दो बार जा चुके हैं।” इससे साफ है कि जेडीयू इस ऑफर को गंभीरता से नहीं ले रही और एनडीए में बने रहने का मन बना चुकी है। बिहार बजट 2025 को लेकर बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि “लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में बिहार का बजट 30 हजार करोड़ रुपये का होता था, लेकिन एनडीए सरकार में यह अब 3.17 लाख करोड़ रुपये का हो गया है। इससे साफ पता चलता है कि राज्य में विकास हो रहा है।
बजट को समझना भी जरूरी – संजय जायसवाल
तेजस्वी यादव द्वारा बजट को ‘हवा-हवाई’ कहने पर संजय जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा, “पहले बजट को पढ़ना और समझना जरूरी होता है। लेकिन विपक्ष न तो इसे पढ़ता है, न ही समझता है। इसलिए वे बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर रहे हैं।
बिहार में चुनावी सियासत तेज
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में बजट को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी जारी है। एनडीए इसे विकास का बजट बता रही है, जबकि विपक्ष इसे महज आंकड़ों का खेल करार दे रही है। अब देखना होगा कि आने वाले चुनाव में जनता किसे सही ठहराती है।




