नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दर्दनाक खबर आई। दानापुर दियारा इलाके के मानस गांव में एक पुराना मकान अचानक गिर गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं।
हादसे की पूरी घटना
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रविवार रात करीब 10 बजे हुआ। मानस गांव में रहने वाले मोहम्मद बबलू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। उसी दौरान उनका मकान का छत भरभराकर गिर गया। हादसे में बबलू, उनकी पत्नी रोशनी खातून, और उनके तीन बच्चे रुखसार, चांदनी और मो. चांद मलबे के नीचे दब गए।
पड़ोसियों ने की बचाव की कोशिश
छत गिरने की जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और खुद रेस्क्यू शुरू किया। ग्रामीणों ने ईंट-पत्थरों को हटाकर परिवार को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी पांचों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही अकीलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, मकान बहुत पुराना और जर्जर था, इसी वजह से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि यह मकान इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था।
गांव में मातम का माहौल
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। हर किसी की आंखें नम हैं। लोगों का कहना है कि मकान की हालत काफी खराब थी, कई बार बारिश के दौरान पानी टपकता था, लेकिन परिवार आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उसकी मरम्मत नहीं करा पाया। स्थानीय प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक परिवार के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





