नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार में मतदाता सूची को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर सीधे-सीधे धांधली का आरोप लगाया है। तेजस्वी ने कहा कि लाखों गरीबों के नाम जानबूझकर हटाए गए हैं, और हैरानी की बात यह है कि उनका खुद का नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं है। उन्होंने पटना स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा,”मैंने खुद गणना प्रपत्र भरा था, फिर भी मेरा नाम काट दिया गया है। अब मैं चुनाव कैसे लड़ूंगा?
तेजस्वी का बड़ा दावा 65 लाख नाम काटे गए, हर विधानसभा में 20-30 हजार
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पूरे राज्य में 65 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र से 20 से 30 हजार तक वोटर गायब हैं। उन्होंने कहा,”अगर केवल अस्थायी पलायन के आधार पर नाम कटे हैं, तो बिहार से बाहर तो 3 करोड़ लोग हैं। फिर केवल 36 लाख नाम क्यों काटे गए? तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है और उसने पहले से ही निश्चित कर लिया है कि किसे सरकार में लाना है। उन्होंने कहा ,”अगर ऐसा ही करना है तो सीधे उसी सरकार का एक्सटेंशन दे दीजिए। तेजस्वी का आरोप है कि मतदाताओं के नाम काटते वक्त न बूथ की जानकारी दी गई, न EPIC नंबर, और न ही कोई नोटिस भेजा गया।
तेजस्वी ने उठाए 10 सीधे सवाल, कहा “EC क्या छुपा रहा है?
तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग से कुछ मुख्य मांगें कीं, हटाए गए मतदाताओं की सूची बूथवार और कारण सहित सार्वजनिक की जाए। आपत्ति दर्ज कराने की 7 दिन की अवधि को बढ़ाया जाए। फिजिकल वेरिफिकेशन हुआ या नहीं, इसकी जानकारी दी जाए। अगर ईमानदारी से काम हुआ है तो सभी सवालों के जवाब दिए जाएं। तेजस्वी ने कहा,”अगर चुनाव आयोग ने सही काम किया है, तो वह बताएं कि 65 लाख नाम किस आधार पर और क्यों काटे गए?तेजस्वी यादव ने बताया कि महागठबंधन का एक डेलिगेशन चुनाव आयोग से मिला, लेकिन आयोग ने उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया। तेजस्वी ने कहा कि दो लोगों के इशारे पर बिहार में वोटर लिस्ट तैयार की जा रही है। बिहार की राजनीति में वोटर लिस्ट को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। तेजस्वी यादव के आरोप गंभीर हैं और अगर उनका नाम ही वोटर लिस्ट में नहीं है, तो सवाल सिर्फ एक नेता का नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक सिस्टम की पारदर्शिता का है। अब निगाहें चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया और अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।




