नई दिल्ली.रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सारण जिले के तरैया में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। शाह ने कहा कि इस बार बिहार में 20 सालों में सबसे बड़े बहुमत से NDA सरकार बनने जा रही है। उन्होंने लालू यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी लड़ाई लालू के जंगलराज के खिलाफ है, जिसे नीतीश कुमार ने खत्म किया और बिहार को विकास की राह पर लाया।
सारण से शुरू हुआ NDA का चुनावी अभियान
अमित शाह ने कहा कि बिहार में प्रचार की शुरुआत सारण से हो रही है, और यहां से जो अभियान शुरू होता है, उसकी विजय निश्चित होती है। उन्होंने मंच से लोगों का अभिवादन करते हुए कहा,“जनसभा में आए सभी माताओं-बहनों और भाइयों को मेरा प्रणाम, राम-राम! NDA की जीत की संकल्पना लीजिए, क्योंकि सारण की धरती से जो प्रचार शुरू होता है, वो हमेशा विजय की गूंज के साथ खत्म होता है।
‘हर आदमी चार-चार बार दिवाली मनाएगा’
अमित शाह ने अपनी जनसभा में कहा कि इस बार बिहार में हर व्यक्ति चार-चार बार दिवाली मनाएगा। उन्होंने कहा ,“पहली दिवाली जब प्रभु श्रीराम वनवास से लौटे थे, दूसरी दिवाली जब हर जीविका दीदी के खाते में 10 हजार रुपये भेजे गए, तीसरी दिवाली जब हर देशवासी GST बचत उत्सव मना रहा है, और चौथी व सबसे भव्य दिवाली तब होगी, जब 14 नवंबर को भारी बहुमत से NDA की सरकार बनेगी और लालू-राहुल कंपनी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। अमित शाह ने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि UPA राज में आतंकवादी खून की होली खेलते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने देश की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन सिंदूर किया, पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया और आतंकियों को खत्म किया।”
‘लालू-राहुल कंपनी का जंगलराज वापस नहीं आएगा’
अमित शाह ने RJD पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव की पार्टी ने इस बार शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट दिया है। उन्होंने कहा, “आप बताइए क्या लालू के राज में बिहार सुरक्षित रह सकता है। अगर इस मंडल की एक भी सीट RJD को गई, तो यहां फिर से जंगलराज लौट आएगा। शाह ने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार लालू-राहुल कंपनी का जंगलराज वापस नहीं आने देगी, क्योंकि राज्य के लोग नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी पर भरोसा करते हैं।




