नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (JDU) ने अपनी 50 विधानसभा सीटों के लिए रणनीति तैयार कर ली है। जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने सभी पदाधिकारियों और प्रकोष्ठों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह कदम आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जदयू ने जिन 50 विधानसभा सीटों को लक्ष्य बनाया है, उनमें अधिकांश वे हैं, जहां पिछली बार भीतरी साजिश और भीतरघात की वजह से पार्टी हार गई थी। कई स्तरों पर समीक्षा के बाद ये सीटें चिन्हित की गई हैं। 2020 के चुनाव में पुराने सहयोगी चिराग पासवान की LJP और उपेन्द्र कुशवाहा की रालोसपा ने पार्टी की राह कठिन बना दी थी।
पिछले चुनाव में चिराग पासवान की LJP और उपेन्द्र कुशवाहा ने जदयू के कोर वोट में सेंधमारी की थी, जिससे पार्टी को नुकसान हुआ था। ऐसी सीटों की संख्या 40 से अधिक थी। वर्तमान में बदली परिस्थितियों में दोनों नेता अब जदयू के सहयोगी और एनडीए के घटक दल बन चुके हैं।
घटक दलों में बागी नेता दिखा सकते हैं तेवर
हालांकि, अब ये दोनेां साथी जदयू के पुराने सहयोगी एनडीए के घटक बन चुके हैं, फिर भी इन 50 सीटों पर पुराने सहयोगियों के बागी होकर चुनाव में उतरने का खतरा बना हुआ है। इसलिए पार्टी इस बार किसी भी प्रकार की कोताही नहीं करना चाहती और सभी स्तरों पर पूरी सतर्कता बरत रही है।
प्रदेश पदाधिकारियों को सौंपा टास्क
पिछले दिनों जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने संगठन की बैठक में 50 विधानसभा सीटों पर काम के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। इसके बाद प्रदेश कमेटी ने इन सीटों की पहचान और समीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी।
NDA की जीत सुनिश्चित?
जदयू ने हर बूथ पर 10-10 लोगों को तैयार करने की योजना बनाई थी, जो बाद में स्वतः और बढ़ गई। पार्टी का दावा है कि उसने लक्ष्य से अधिक कर्मी तैयार किए हैं। प्रत्येक प्रकोष्ठ की अपनी रणनीति है ताकि एनडीए की जीत सुनिश्चित की जा सके।
बूथ मैनेजमेंट पर सबसे ज्यादा फोकस
प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण सीटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं को कई जिम्मेदारियां सौंपी हैं और बूथ मैनेजमेंट पर जोर दिया है। हर बूथ के लोग मतदाताओं से संपर्क कर बेहतर समन्वय स्थापित कर जीत सुनिश्चित करने का काम कर रहे हैं।
कहीं कोई विवाद नहीं सब साथ में: विजय कुमार चौधरी
जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पिछला विधानसभा चुनाव अब बीती बात है और पार्टी आगे बढ़ चुकी है। हर सीट पर मेहनत जारी है, कुछ सीटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस बार सहयोगी दलों के साथ एनडीए पूरी तरह एकजुट है।
जदयू के वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी में कहीं कोई दिक्कत या विवाद नहीं है। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उनकी संयुक्त मेहनत का लाभ पूरे एनडीए को मिलेगा। चौधरी ने भरोसा जताया कि परिणाम एनडीए के पक्ष में होंगे और सभी की सीटें बढ़ेंगी।





