नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश है। विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार से संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है, ताकि इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा हो सके। इसी मांग पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू का भी बयान सामने आया है।
कांग्रेस की ओर से पीएम मोदी को पत्र
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है। राहुल गांधी ने कहा है कि यह देश को दिखाना चाहिए कि आतंकवाद के खिलाफ हमेशा साथ खड़े हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने भी पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है। कई विपक्षी दलों की तरफ से मांग उठ रही है कि विशेष सत्र आहूत कर इस पर विस्तृत चर्चा हो और सरकार क्या कार्रवाई कर रही है इसकी जानकारी दी जाए। एकजुटता का भी संदेश आतंकवाद के खिलाफ इसके जरिए दिया जाए।
JDU बोली केंद्र सरकार के साथ खड़े हैं
इस पर जेडीयू कोटे के मंत्री जयंत राज ने कहा कि “हम लोग केंद्र सरकार के मजबूत सहयोगी हैं। आतंकवाद के खिलाफ जो भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है, केंद्र सरकार करेगी। अगर जरूरत पड़ी, तो सरकार विशेष सत्र जरूर बुलाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
केंद्र की कार्रवाई का भी जिक्र
जयंत राज ने बताया कि सरकार ने सिंधु जल समझौते पर रोक, अटारी बॉर्डर से आवाजाही बंद, और पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द जैसे सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश के भीतर भी उन लोगों पर कार्रवाई हो रही है जो हमले में शामिल हैं। जेडीयू ने भले ही समर्थन जताया हो, लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि विशेष सत्र बुलाया जाएगा या नहीं।





