नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025 को लेकर महागठबंधन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि इस बार भी महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। करगहर से कांग्रेस विधायक संतोष मिश्रा ने यह बयान बुधवार, 16 अप्रैल को दिया।
70 सीटों से कम पर नहीं लड़ेगी कांग्रेस
संतोष मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस 70 सीटों से कम पर चुनाव नहीं लड़ेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि गठबंधन है, तो 2-4 सीटें इधर-उधर होती हैं तो कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन कुल मिलाकर कांग्रेस मजबूत दावेदारी के साथ मैदान में उतरेगी।
तेजस्वी यादव ही सबसे बड़े नेता: संतोष मिश्रा
कांग्रेस विधायक ने कहा कि आरजेडी महागठबंधन का सबसे बड़ा दल है और तेजस्वी यादव सबसे बड़े नेता हैं। वो नेता प्रतिपक्ष हैं और पहले भी डिप्टी सीएम रह चुके हैं। इसलिए कोई शक नहीं कि वही मुख्यमंत्री के चेहरे होंगे।
15 मई के बाद तय होंगी सीटें
कांग्रेस विधायक ने बताया कि 17 अप्रैल को कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात कर रहे हैं। इस बैठक में सीट बंटवारे और रणनीति को लेकर चर्चा हो रही है। सीटों का बंटवारा 15 मई के बाद तय होने की संभावना है। गुरुवार को पटना में महागठबंधन की पहली औपचारिक बैठक होने जा रही है। इसमें RJD, कांग्रेस, वाम दल, VIP समेत सभी घटक दलों के नेता शामिल होंगे। बैठक की अगुवाई तेजस्वी यादव करेंगे और माना जा रहा है कि इसमें सीटों के बंटवारे व चुनावी अभियान को लेकर समन्वय समिति का गठन किया जा सकता है।
मनोज झा बोले – एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि इस बैठक का मकसद यह तय करना है कि सभी दल मिलकर चुनाव लड़ें और बीजेपी-एनडीए के खिलाफ एक मजबूत विकल्प पेश करें। उन्होंने कहा, “कितनी सीट किसको मिलेगी, ये बाद की बात है, सबसे जरूरी है एकजुट रहना। मनोज झा ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि खुद बीजेपी के नेता भी मानते हैं कि तेजस्वी यादव की छवि मजबूत है। उन्होंने भागलपुर के एक लीक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें केंद्रीय मंत्री भी तेजस्वी यादव पर हमला न करने की सलाह दे रहे थे।





