नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब बयानबाजी और राजनीतिक रणनीतियों का दौर तेज हो गया है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार चुनाव के बाद कांग्रेस में आना चाहें तो उनका खुला स्वागत और सम्मान किया जाएगा।
”चुनाव के बाद भी नीतीश का स्वागत करेंगे”
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा,अगर नीतीश कुमार आना चाहते हैं तो चुनाव के बाद भी उनका स्वागत है। कांग्रेस पार्टी उनका सम्मान करेगी और खुले दिल से स्वीकार करेगी। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे, तो उन्होंने साफ कहा बिलकुल नहीं अकेला पप्पू यादव एनडीए पर भारी महागठबंधन में एकजुटता को लेकर उठ रहे सवालों पर पप्पू यादव ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “अकेला पप्पू यादव एनडीए पर भारी है। बिहार की जनता एकजुट है और एनडीए को वोट नहीं देना चाहती। इस बार जनता महागठबंधन के साथ है। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष की बड़ी चुनावी रैली छठ के बाद बिहार में होगी।
NDA पर साधा निशाना
पत्रकारों से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने एनडीए की एकजुटता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “चिराग पासवान का खेल क्या चल रहा है, वो बताइए। सिर्फ महागठबंधन से सवाल मत कीजिए, बीजेपी नेताओं से भी पूछिए कि उनके बीच एकजुटता कहां है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एनडीए खुद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहता यही बिहार का सबसे बड़ा सवाल है। पप्पू यादव ने इससे पहले भी कांग्रेस को सलाह दी थी कि उसे बिहार की बदलती राजनीति को देखकर बड़ा फैसला जल्द लेना चाहिए। उन्होंने कहा था कि समय रहते कांग्रेस को मजबूत रणनीति बनानी होगी। अब उनके इस नए बयान ने बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है। जहां नीतीश कुमार को लेकर महागठबंधन और कांग्रेस दोनों के संकेत बदलते नज़र आ रहे हैं।





