नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानपरिषद में मंगलवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। RJD के सदस्य आरक्षण को नौवीं अनुसूची में डालने की मांग कर रहे थे और इसके विरोध में हरे रंग की टी-शर्ट पहनकर सदन में पहुंचे। इसे देखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क गए और इस तरह के प्रदर्शन को ‘बोगस’ करार दिया।
हरे टी-शर्ट देखकर भड़क उठे नीतीश कुमार
जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, RJD के सदस्य वेल में आकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने हरे रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसे देख मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाराज हो गए। उन्होंने कहा, “यह सब बेतुका तरीका है। ऐसा कहीं नहीं देखा गया। किसी भी पार्टी ने ऐसा नहीं किया है।
राबड़ी देवी पर भी साधा निशाना
गुस्से में मुख्यमंत्री ने RJD नेता राबड़ी देवी पर भी तंज कसते हुए कहा, “इसके हसबैंड का है पार्टी, इसको क्या है। यह तो ऐसे ही आ गई हैं। जब वह हटा तो इसको बनवा दिया। इसका कोई मतलब है?” RJD सदस्य आरक्षण को नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर वे लगातार हंगामा कर रहे थे। उनकी इस हरकत से नाराज नीतीश कुमार ने कहा, “ये लोग जो कर रहे हैं, उसका कोई मतलब नहीं है। यह सब बोगस चीजे हैं।
नीतीश कुमार ने विरोध के तरीके पर उठाए सवाल
नीतीश कुमार ने RJD सदस्यों के विरोध के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हरे टी-शर्ट पहन कर आए हैं, यह कोई तरीका नहीं है। ऊपर वाला भी देख रहा है, देशभर में कहीं ऐसा देखा गया है?” नीतीश कुमार की नाराजगी और तीखी टिप्पणियों के बाद सदन में माहौल और गरम हो गया। हालांकि, हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही को जारी रखा गया। RJD के इस प्रदर्शन को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि आगे इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया आती है।





