नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है और सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को राजद (RJD) पर तीखा हमला बोला। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि “हुड़दंग मचाना, गोली-बारूद का इस्तेमाल करना, ये सब आरजेडी की संस्कृति का हिस्सा रहा है। ये वही 90 के दशक वाला जंगलराज है, जिसकी चर्चा आज भी होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि “इनकी सभाओं में देखें, किस तरह अराजकता का माहौल रहता है। ये अभी सत्ता से दूर हैं और ऐसे गानों को प्रमोट कर रहे हैं जो समाज को भड़काते हैं। अगर ये लोग गलती से भी सत्ता में आ गए, तो बिहार में फिर से आतंक का माहौल बन जाएगा।” चिराग का यह बयान आरजेडी पर सीधा हमला माना जा रहा है, वहीं राजनीतिक हलकों में इसे आने वाले विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में एक रणनीतिक बयान के रूप में देखा जा रहा है।
राहुल गांधी पर भी बरसे चिराग पासवान
आरजेडी पर हमला बोलने के बाद चिराग पासवान ने अब कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। चिराग पासवान ने राहुल गांधी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा “अगर देश के नेता प्रतिपक्ष की सोच ऐसी है कि वे हमारी सेना को जात-पात, धर्म और मजहब के आधार पर बांटकर देखना चाहते हैं, तो इससे ज्यादा लोकतंत्र के लिए दुखद बात कुछ नहीं हो सकती।” उन्होंने आगे सवाल उठाया कि “अगर आपको वाकई देश की चिंता है, तो बताइए कि लंबे समय तक सत्ता में कौन रहा है? किसके शासन में ऐसी सोच पनपी?” चिराग पासवान के इस बयान से अब सियासी तापमान और बढ़ने की संभावना है।
“सेना को राजनीति में नहीं लाना चाहिए, हमेशा मर्यादा रखनी चाहिए” – चिराग पासवान
चिराग पासवान ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सेना को लेकर किसी भी राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि “अगर आपको सेना में जाति के आधार पर विभाजन कराना था, तो पहले ही करवा देते… अब चुनाव के समय ऐसी बातें क्यों याद आ रही हैं? अक्सर चुनावों के दौरान आप ऐसे बयान देते हैं जो समाज में ध्रुवीकरण पैदा करते हैं, लेकिन राजनीति में हमेशा एक मर्यादा रखनी चाहिए। सेना एक ऐसा विषय है, जिसे किसी भी सूरत में राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए।”





