नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी पार्टियों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद अरुण भारती ने बड़ा बयान देते हुए संकेत दिया है कि चिराग पासवान विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
पार्टी ने भेजा चिराग को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव
सांसद अरुण भारती ने कहा, “पार्टी की तरफ से चिराग पासवान को विधानसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। बिहार में युवा नेतृत्व की जरूरत है और चिराग पासवान को अब राज्य की राजनीति में बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर चिराग यह प्रस्ताव स्वीकार करते हैं, तो आगे तय किया जाएगा कि वह किस सीट से चुनाव लड़ेंगे।
क्या चिराग बनेंगे बिहार के सीएम या डिप्टी सीएम?
जब अरुण भारती से पूछा गया कि क्या चिराग पासवान बिहार के अगले मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “विधानसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा, लेकिन चिराग को भी बिहार के विकास के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।”
चिराग पहले ही दे चुके हैं संकेत
कुछ दिन पहले खुद चिराग पासवान ने कहा था कि वह बिहार की राजनीति में सक्रिय होना चाहते हैं और राज्य के विकास में सीधी भूमिका निभाना चाहते हैं। उनके इस बयान के बाद से ही राजनीतिक हलकों में उनके विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई थी।
अब तक केंद्र की राजनीति में रहे चिराग पासवान
चिराग पासवान ने अपने पिता रामविलास पासवान की तरह अब तक केंद्र की राजनीति की है। वे 2014 और 2019 में जमुई से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। 2024 में उन्होंने हाजीपुर से जीत दर्ज की, जो उनके पिता की पारंपरिक सीट रही है। फिलहाल चिराग मोदी सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं। 2020 में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के खिलाफ उम्मीदवार उतारे थे, जिससे जदयू को बड़ा नुकसान हुआ था। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या चिराग पासवान बिहार विधानसभा चुनाव में उतरते हैं और अगर उतरते हैं तो किस सीट से लड़ते हैं। इतना तय है कि अगर चिराग मैदान में आते हैं, तो बिहार की राजनीति में हलचल मचना तय है।





