नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । बिहार और बंगाल में अगले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी गहमा-गहमी तेज हो गई है। जहां चुनावी तारीखों के ऐलान के भले ही अभी बाकी हो, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मैदान में अपने सबसे भरोसेमंद चेहरों को उतार दिया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार चुनाव का प्रभारी और केशव प्रसाद मौर्य और सीआर पाटिल को सह-प्रभारी बनाया है। वहीं पश्चिम बंगाल में पार्टी ने भूपेंद्र यादव को चुनावी कमान सौंपी है। इससे यह रणनीति स्पष्ट करती है कि बीजेपी बिहार और बंगाल में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। एक ओर बिहार में NDA की सत्ता बचाने की चुनौती है, तो दूसरी ओर बंगाल में ममता बनर्जी की TMC को मात देने की जद्दोजहद।
बिहार: जीत दोहराने की BJP की कवायद
बिहार में 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू और बीजेपी की अगुआई वाला NDA गठबंधन सत्ता में लौटा था, हालांकि तब जेडीयू की सीटें कम और BJP की सीटें ज़्यादा आई थीं। इस बार मुकाबला और ज़्यादा कांटे का होगा क्योंकि RJD और कांग्रेस मिलकर महागठबंधन को फिर से धार दे रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान को मिली बिहार चुनाव की ज़िम्मेदारी
बीजेपी ने इसलिए धर्मेंद्र प्रधान जैसे अनुभवी नेता को बिहार चुनाव की ज़िम्मेदारी दी है, जिनकी संगठनात्मक पकड़ और रणनीतिक कौशल की पार्टी में सराहना होती है। उनके साथ उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जमीनी पकड़ और गुजरात से सीआर पाटिल की प्रबंधन शैली चुनावी रण में बीजेपी की ताकत को बढ़ा सकती है।
बंगाल: ममता को घेरने की तैयारी
वहीं पश्चिम बंगाल में 2021 के चुनाव में बीजेपी ने दमदार प्रदर्शन तो किया था, लेकिन सत्ता ममता बनर्जी की टीएमसी के हाथ रही। अब 2026 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भूपेंद्र यादव को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। यादव इससे पहले कई राज्यों में सफल चुनावी संचालन कर चुके हैं। उनके साथ त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव को सह-प्रभारी बनाया गया है, जो बंगाल की सीमावर्ती राजनीति को बेहतर समझते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों नेता बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क अभियानों को धार देने की तैयारी में जुट गए हैं।
धर्मेंद्र प्रधान बिहार चुनाव प्रभारी नियुक्त
धर्मेंद्र प्रधान को बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है, और केशव प्रसाद मौर्य व सीआर पाटिल को सह-प्रभारी बनाया है। पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भूपेंद्र यादव को प्रभारी और बिप्लव देव को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसकी पुष्टि बीजेपी महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आधिकारिक पत्र से हुई है।
BJP अब केंद्र से कैडर तक सक्रिय होकर मैदान में उतर रही है
इन नियुक्तियों से साफ है कि बीजेपी अब चुनावी मैदान में संगठन की मजबूती और चेहरे की लोकप्रियता दोनों पर दांव खेल रही है। बिहार में जहां जातीय समीकरण और गठबंधन की राजनीति अहम होगी, वहीं बंगाल में सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा। धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव की नियुक्ति एक साफ संकेत है BJP अब “केंद्र से कैडर” तक हर स्तर पर सक्रिय होकर मैदान में उतर रही है।





