नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सियासत में तीसरे मोर्चे की एंट्री हो गई है। राज्य के विधानसभा चुनाव में दो ही गठबंधन एक एनडीए और दूसरी महागठबंधन चुनावी मैदान था लेकिन AIMIM को महागठबंधन में जगह न मिलने पर असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी और स्वामी प्रसाद मौर्य की अपनी जनता पार्टी से गठबंधन कर नया तीसरा मोर्चा बना लिया है। यह गठबंधन राज्य में एक नई राजनीतिक धुरी के रूप में उभरने की तैयारी में है।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए गठित तीसरे मोर्चे को ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस (GDA) नाम दिया गया है। AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बुधवार को किशनगंज में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों को रोकने और प्रदेश में वैकल्पिक सेक्युलर राजनीति को मजबूत करने के लिए AIMIM ने आजाद समाज पार्टी और अपनी जनता पार्टी के साथ यह गठबंधन किया है।
कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव?
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बताया कि, ग्रैंड डेमोक्रेटिक अलायंस (GDA) के तहत सीटों का बंटवारा तय हो गया है। गठबंधन में AIMIM 35 सीटों, आजाद समाज पार्टी 25 सीटों और स्वामी प्रसाद मौर्य की अपनी जनता पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ईमान ने कहा, “हमारी लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि देश में इंसाफ और समानता कायम करने की है। तीनों पार्टियां पूरी मजबूती से मैदान में उतरेंगी।”
GDA गठबंधन के उम्मीदवारों का ऐलान कब?
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बताया कि, GDA गठबंधन के सभी घटक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं, और उनकी घोषणा कल देर शाम तक कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवार सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के एजेंडे पर चुनाव लड़ेंगे।
इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जौहर आजाद, प्रदेश सचिव विक्रम कुमार, जिला अध्यक्ष वसीम अकरम खान, प्रदेश प्रवक्ता आदिल हसन, नसीम अख्तर, इशहाक आलम समेत कई नेता मौजूद रहे।





