नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया है। बुधवार को उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह इस बार कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। एक चर्चित मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में प्रशांत किशोर ने कहा, नहीं, मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा। पार्टी ने यह फैसला लिया है कि मुझे अपने मौजूदा काम पर ही ध्यान देना चाहिए। अगर मैं चुनाव मैदान में उतरा तो पार्टी के काम का दो-चार दिन का नुकसान होगा।
‘150 से कम सीटें मतलब हार’
प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके लिए 150 से कम सीटें जीतना हार के समान होगा। उन्होंने कहा, अगर हमें 150 से कम सीटें मिलती हैं, चाहे 120 या 130 ही क्यों न हों, तो यह हमारी हार मानी जाएगी। लेकिन अगर जनता हमें जनादेश देती है, तो हम बिहार को देश के 10 सबसे विकसित राज्यों में शामिल करेंगे।
भ्रष्ट नेताओं पर सख्त कानून की तैयारी
पीके ने भ्रष्टाचार पर भी कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि अगर जन सुराज सत्ता में आई तो 100 सबसे भ्रष्ट नेताओं पर मुकदमा चलाया जाएगा और उन्हें सजा दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, यह उन नेताओं और अफसरों के लिए संकेत है जो जन सुराज की जीत से डर रहे हैं। हमारी सरकार आई तो उनके बुरे दिन शुरू हो जाएंगे।
नीतीश सरकार को लेकर भविष्यवाणी
प्रशांत किशोर ने बिहार की सत्तारूढ़ एनडीए सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडीयू को इस बार 25 सीटें जीतने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया, एनडीए की हार तय है और नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री के रूप में वापसी नहीं कर पाएंगे।पीके ने यह भी याद दिलाया कि पिछले विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की बगावत के कारण जेडीयू की सीटें घटकर 43 रह गई थीं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।





