नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल सामने आने के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जहां एनडीए खेमे में बढ़त के दावे किए जा रहे हैं, तो वहीं स्वतंत्र सांसद पप्पू यादव ने इन सर्वेक्षणों को पूरी तरह खारिज करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को करारा संदेश दिया है बीजेपी पर भरोसा न करें, वो आपकी पीठ में खंजर घोंप देगी। आपका असली घर महागठबंधन है, वहीं लौट आइए।
एग्जिट पोल कभी सही नहीं रहा- पप्पू यादव
एक मीडिया संस्थान से बातचीत में पप्पू यादव ने एग्जिट पोल को झूठा करार देते हुए कहा कि, जनता का असली फैसला चुनाव आयोग की गिनती से ही सामने आएगा। उन्होंने कहा, एग्जिट पोल कब सही रहा है? वोटिंग खत्म होते ही शाम पांच बजे नतीजे दिखाने लगते हैं और कहते हैं कि 65 प्रतिशत महिलाओं ने एनडीए को वोट दिया। ये सब आंकड़ेबाजी है। बिहार की जनता ने इस बार बदलाव के लिए मतदान किया है। पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि, जब हर बार एग्जिट पोल गलत साबित होते हैं, तो इस बार उन पर भरोसा क्यों किया जा रहा है।
”बीजेपी आपकी पीठ में खंजर घोंप देगी”
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सीधा संदेश देते हुए कहा, नीतीश कुमार जी, आपका घर महागठबंधन है। बीजेपी आपकी पीठ में खंजर घोंप देगी। आपकी पार्टी में जो विभीषण बैठे हैं, वो कब धोखा दे देंगे, आपको भी नहीं पता। इसलिए अब सम्मानजनक तरीके से घर वापसी करिए।उन्होंने कहा कि, भाजपा ने हर बार नीतीश कुमार का इस्तेमाल किया है जब ज़रूरत पड़ी, उन्हें आगे बढ़ाया, और जब स्थिति बदली तो किनारे कर दिया।
”राहुल गांधी के रहते साजिश संभव नहीं”
पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भूमिका की भी सराहना की और कहा कि महागठबंधन में नीतीश कुमार के खिलाफ किसी तरह की साजिश की गुंजाइश नहीं है।उन्होंने कहा, राहुल गांधी के रहते महागठबंधन में कोई नीतीश कुमार के खिलाफ नहीं जा सकता। अब वक्त है कि सभी एकजुट होकर बिहार को नई दिशा दें।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता नाराज़
पप्पू यादव का कहना है कि इस बार बिहार की जनता ने मुद्दों पर वोट किया है, गांव से लेकर शहर तक लोगों ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान किया है। असली परिणाम एनडीए को चौंका देंगे। पप्पू यादव के इस बयान से बिहार की राजनीति में एक बार फिर घर वापसी की चर्चा तेज हो गई है। महागठबंधन खेमे में यह बयान उत्साह भरने वाला माना जा रहा है।वहीं एनडीए में बेचैनी बढ़ गई है, क्योंकि यादव का बयान गठबंधन के भीतर संभावित असंतोष की ओर इशारा करता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के विपरीत जाते हैं, तो पप्पू यादव की यह भविष्यवाणी आने वाले दिनों में बड़ा सियासी मोड़ बन सकती है।
अब सबकी निगाहें 2025 के नतीजों पर हैं क्या नीतीश कुमार एनडीए के साथ बने रहेंगे या पप्पू यादव की अपील पर घर वापसी करेंगे, यह आने वाले कुछ ही दिनों में साफ हो जाएगा।





