नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में भागलपुर जिले की पीरपैंती सीट से भाजपा विधायक ललन कुमार ने बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का हाथ थाम लिया। राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान ललन कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से भी मुलाकात की। गौर करने वाली बात यह है कि इस बार भाजपा ने ललन कुमार को टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद से वे पार्टी से नाराज चल रहे थे। राजद में शामिल होने के बाद ललन कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव ही बिहार का वर्तमान और भविष्य हैं।
फेसबुक पर साझा कीं तस्वीरें
राजद में शामिल होने के बाद भाजपा विधायक ललन कुमार ने अपनी कुछ तस्वीरें अपने फेसबुक पेज पर साझा की हैं। इन तस्वीरों में वे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में ललन कुमार ने लिखा “राष्ट्रीय जनता दल का कारवां बढ़ता रहे। आज से मैं भी हुआ शामिल। तेजस्वी मय बिहार बनाना है, हम सबने मिलकर ठाना है। तेजस्वी ही वर्तमान हैं, तेजस्वी ही भविष्य! जय भीम!!” उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और समर्थक इसे भाजपा के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं।
बीजेपी से नाराज होकर दिया इस्तीफा
पीरपैंती (सुरक्षित) सीट से इस बार भाजपा ने मुरारी पासवान को उम्मीदवार बनाया है, जिसके बाद मौजूदा विधायक ललन कुमार खुलकर नाराज नजर आए। टिकट कटने के कुछ ही समय बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। अपने इस्तीफा पत्र में ललन कुमार ने लिखा था – “मेरी भाजपा के साथ राजनीतिक यात्रा अब समाप्त होती है। वरिष्ठ नेताओं के निर्देशों का पालन करते हुए मैंने पार्टी के लिए जो कुछ किया, वह कृतज्ञता के भाव से किया। लेकिन अब ऐसा लगता है कि भाजपा को मुखर दलित नेतृत्व की आवश्यकता नहीं रही।” उनके इस कदम ने न सिर्फ भाजपा खेमे में हलचल मचा दी, बल्कि विपक्षी दलों के लिए भी नए राजनीतिक समीकरण खोल दिए।





