नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने चुनाव के बाद विकास पर केंद्रित सरकार का साथ देने का इशारा किया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय संयोजक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार (8 नवंबर, 2025) को कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें।
बिहार के गयाजी जिले में जीतन राम मांझी ने कहा, “बिहार में जिसने विकास किया है और जो योजना बना रहा है, वह साफ़ दिख रहा है। आज यहां एक करोड़ लोगों को नौकरी देने और एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की बात की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को 8,000 करोड़ रुपये का कोसी प्रोजेक्ट और मखाना बोर्ड भी प्रदान किया है।”
बिहार तेजी से विकास कर रहा है- जीतन राम मांझी
उन्होंने आगे कहा, “आज लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। बिहार को पहले की तुलना में कई गुना अधिक सहायता मिल रही है। पहले जितनी राशि बिहार को मिलती थी, अब उससे चार गुना अधिक राशि मिल रही है। अगर तेज प्रताप यादव इन विकास योजनाओं से प्रभावित होकर एनडीए का साथ देंगे, तो हम उनका स्वागत करेंगे।”
राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोप पर क्या बोले मांझी
मांझी ने राहुल गांधी के सरकार पर लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “राहुल गांधी की बातें हमें समझ में नहीं आतीं। जब वे विदेश जाते हैं, तो भारत की बुराई करते हैं। कोई भी संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति बाहर जाकर देश की शिकायत नहीं करेगा, लेकिन वे करते हैं। एसआईआर के नाम पर उन्होंने बिहार में कई दिनों तक यात्रा की, लेकिन आज एसआईआर कहां चला गया?”
राहुल गांधी ने छठ महापर्व को नौटंकी बताया
मांझी ने कहा, “अपनी जनसभा में राहुल गांधी ने पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द का इस्तेमाल करवाया। हमारे यहां छठ महापर्व बड़ी पवित्रता के साथ मनाया जाता है, लेकिन राहुल गांधी ने हाल के अपने बयान में इसे नौटंकी बताया। ऐसे बयान देने वाले व्यक्ति की किसी भी बात पर तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए।”
ये बिहार के मतदाताओं का अपमान है- जीतन राम मांझी
मांझी ने कहा, “राहुल गांधी वोट चोरी का आरोप लगाकर बिहार के मतदाताओं का अपमान कर रहे हैं। भारत में जन्मा व्यक्ति ही भारतीय नागरिक होगा, ऐसा संविधान में स्पष्ट है। अशुद्धियों को दूर करने के लिए ही एसआईआर लागू किया गया है। अगर राहुल गांधी इसे ‘चोरी’ कहते हैं, तो यह सिर्फ उनके दिमाग का दोष है।”





