नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) भी एक्टिव हो गई है। चुनाव के बहाने बिहार में पार्टी अपना वजूद और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इस बीच, पार्टी के सीनियर लीडर और राज्यसभा सांसद सजंय सिंह ने एक ऐलान कर दिया है। सजंय सिंह ने कहा पार्टी चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी।
आप के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पटना पहुंचने पर मंगलवार (17 जून) को बड़ा ऐलान करते हुए बिहार चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर दी है। इस दौरान उन्होने कहा कि, आप विधानसभा का चुनाव मजबूती से लड़ेगी। सीटों आदि को लेकर यहां के साथी और केंद्रीय नेतृत्व तय करेंगे।
दिल्ली में बिहारियों को बीजेपी दुश्मन मानती- संजय सिंह
इस दौरान, आप नेता संजय सिंह ने BJP-JDU गठबंधन पर निशाना साधा, और कहा कि,”सुशासन के दावे की पोल हर रोज खुल रही है। आज आने का यहां (बिहार) मकसद है कि बीजेपी और पीएम मोदी बिहार के लोगों के प्रति जो प्यार बिहार में दिखाते हैं, दिल्ली के अंदर बीजेपी के लोग बिहार के लोगों को दुश्मन मानते हैं।”
बिहार के लोगों के घरों पर बुलडोजर चला रही बीजेपी- संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा, ”बीजेपी सरकार दिल्ली में बिहार के लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाते हैं, जहां ये लोग 40-50 सालों से रहते थे। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी वालों ने बिहार, यूपी और पूर्वांचल वालों को बांग्लादेशी कहा था, अपमानित किया था।
बीजेपी को बिहार से भगाइए- संजय सिंह
इस मुद्दें को हमारी पार्टी ओर मैंने संसद में भी आवाज उठाई। बिहार के लोगों से हम कहना चाहते हैं कि जो बीजेपी बिहार के लोगों को दिल्ली से भगा रही है, बीजेपी को बिहार से भगाइए।” इनकी करनी और कथनी में जमीन-आसमान का फर्क है। बता दें कि, बिहार में आम आदमी पार्टी (आप) का कोई सियासी वजूद या आधार नहीं है, लेकिन पार्टी का फोकस इन दिनों संगठन मजबूत करने पर है। ऐसे में देखना और भी दिलचस्प हो जाता है कि आप अलायंस में चुनाव लड़ती है, या फिर अकेले चुनाव लड़ेगी।
हादसों पर संजय सिंह का बयान
संजय सिंह ने आगे देश में हो रहे हादसों को लेकर कहा कि इंसान की जिंदगी की कोई कीमत नहीं है। रेल दुर्घटना में लोगों की मौते हो रही है, अहमदाबाद में प्लेन क्रैश में कई लोगों ने जान गंवाई। हेलिकॉप्टर हादसे में लोग मारे गए। केवल खाना पूर्ति के लिए बयान आता है कि राजनीति नहीं होनी चाहिए, तो बताइए की कार्रवाई क्यों नहीं करते? जो भी क्रैश में दोषी हैं, उनपर कार्रवाई होनी चाहिए। जवाबदेही तय किया जाना चाहिए।




