नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और दावा किया कि जनता अब जाति, भ्रष्टाचार और अपराध की राजनीति करने वालों को कोई मौका नहीं देगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी ऐसी पार्टी है जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी बड़े पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने खुद को पार्टी का “सिपाही” बताते हुए कहा कि वह जनता के विकास और सम्मान के लिए राजनीति कर रहे हैं।
”जाति, करप्शन और क्राइम हैं सबसे बड़ी बाधा”
विजय सिन्हा ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिहार को जाति के जहर और भ्रष्टाचार से बर्बाद किया। उन्होंने कहा,”जिसने बिहार को जाति के जहर से, लहर से और कहर से बर्बाद किया, जनता अब उन्हें मौका नहीं देगी।
शिक्षा और रोजगार पर सरकार का फोकस
डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले बिहार की पहचान गाली और अपराध से होती थी, लेकिन आज हर जिले में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थान हैं। हर घर और खेत तक बिजली पहुंच चुकी है। एक्सपोर्ट नीति लाई जा रही है। युवाओं को कृषि और अन्य क्षेत्रों से जोड़ने की योजना है। उन्होंने कहा कि नौकरी सभी को नहीं दी जा सकती, लेकिन कृषि और उद्योग से जुड़े रोजगार बढ़ाए जाएंगे।
नीतीश कुमार की तबीयत और सीएम फेस पर जवाब
पुल गिरने की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि “अनुरक्षण नीति” लागू होने के बाद अब पुल सुरक्षित हैं और ओवरलोडिंग पर रोक लगी है। फिल्म नीति पर उन्होंने कहा कि 75% शूटिंग और कलाकार बिहार से होना अनिवार्य है। इससे स्थानीय कलाकारों को बड़ा फायदा होगा। नीतीश कुमार की तबीयत पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि वे पूरी तरह सक्रिय हैं और योजनाओं की समीक्षा करते हैं। भविष्य के सीएम चेहरे पर उन्होंने कहा कि बीजेपी सामूहिक नेतृत्व में विश्वास करती है, न कि परिवारवाद या वंशवाद में।
विपक्ष का मॉडल: “कास्ट, करप्शन और क्राइम”
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि लालू परिवार को 15 साल मिले लेकिन कोई भी गर्व करने लायक योजना नहीं बनी। तेजस्वी यादव को भी मौका मिला लेकिन उन्होंने अपराध और भ्रष्टाचार से खुद को अलग नहीं किया। अंत में विजय सिन्हा ने कहा:”क्या बिहार फिर से गाली सुनना चाहेगा? क्या बिहारी फिर से पलायन करेगा? नहीं, अब बिहारी सम्मान और स्वाभिमान की राजनीति करेगा।





