नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की बड़ी जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को गांधी मैदान में होगा। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे और आगे भी वही मुख्यमंत्री रहेंगे। एनडीए में किसी तरह का कोई कंफ्यूजन नहीं है। सबकुछ सहज था, है और आगे भी रहेगा। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी को सरकार में कितने मंत्री पद मिलेंगे, इस पर NDA सहयोगियों से बातचीत पूरी हो चुकी है।
EVM पर विवाद को बताया बेबुनियाद
विपक्ष के वोट चोरी और EVM पर सवालों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “हार की हताशा में विपक्ष आरोप लगा रहा है। जीतने पर यही लोग सवाल नहीं उठाते। एक भी वोटर ने मीडिया के सामने वोट चोरी की बात नहीं कही। कुशवाहा ने विपक्षी महागठबंधन पर बड़ा दावा किया। उनके अनुसार महागठबंधन नाम की कोई चीज अब बची ही नहीं। वहां जितने थे, टूट-टूट कर कम रह गए। कभी भी लोग उधर से इधर आएंगे।
लालू परिवार की कलह पर प्रतिक्रिया
RJD परिवार में चल रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि यह लालू परिवार का आंतरिक मामला है। लेकिन साथ ही तंज भी कसा, उनके यहां क्या संस्कार है और लोगों से कैसा व्यवहार है… यह जनता देख रही है। नतीजों के बाद NDA में जहां उत्साह और सरकार गठन की तैयारियाँ जोरों पर हैं, वहीं विपक्ष अंदरूनी कलह और आरोप-प्रत्यारोप में उलझा दिखाई दे रहा है। अब 20 नवंबर को शपथ ग्रहण के साथ बिहार की नई सरकार औपचारिक रूप से काम शुरू करेगी। जदयू सांसद रामप्रीत मंडल कहते हैं, ‘हमारे आदरणीय मुख्यमंत्री दसवीं बार शपथ लेने जा रहे हैं। यह बिहार और पूरे देश के लोगों के लिए बहुत खुशी की बात है कि वह मुख्यमंत्री बन रहे हैं। जो विकास कार्य अधूरे रह गए हैं। उन्हें वह इन पांच वर्षों में पूरा करने का प्रयास करेंगे।





