नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । आज से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 शुरू हो गया है। सुबह से ही वोटिंग चालू हो गई है। इस बार राजनीति में सिर्फ पुराने और पारंपरिक चेहरे ही नहीं, बल्कि भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आइटम क्वीन से लेकर मशहूर सिंगर तक, इन कलाकारों की एंट्री से चुनावी मैदान और भी दिलचस्प हो गया है। भोजपुरी स्टार्स की लोकप्रियता का असर अब राजनीति में भी दिखने लगा है। इनकी बड़ी फैन फॉलोइंग और जनसंपर्क क्षमता पार्टियों के लिए वोट बैंक साधने का अहम जरिया बन रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इस बार ग्लैमर और जनाधार का यह संगम बिहार की सियासत में क्या नया मोड़ लाता है।
खेसारी लाल यादव
भोजपुरी फिल्मों और संगीत के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने इस बार राजद (राष्ट्रीय जनता दल) का दामन थामते हुए छपरा विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरकर सबको चौंका दिया है। सारण जिले के रसूलपुर गांव के रहने वाले खेसारी ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई है। अब वे अपनी लोकप्रियता को समाज सेवा और राजनीति में बदलने के इरादे से मैदान में हैं।
खेसारी अपनी पत्नी चंदा देवी के साथ लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। युवाओं में उनकी लोकप्रियता बेहद मजबूत है और यह उनका पहला विधानसभा चुनाव है। चुनावी प्रचार के दौरान खेसारी ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि जनसेवा और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देना है। उनका कहना है कि वे जनता की आवाज बनकर उनके असली मुद्दों को विधानसभा तक पहुंचाना चाहते हैं।
डांसिंग क्वीन सीमा सिंह
भोजपुरी सिनेमा की मशहूर ‘आइटम क्वीन’ सीमा सिंह अब राजनीति के मैदान में कदम रख चुकी हैं। वे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के टिकट पर मढ़ौरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली सीमा सिंह की शादी बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा में हुई है। फिल्मों में अपनी अदाकारी और डांस से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाली सीमा अब जनता के बीच एक नई पहचान बनाना चाहती हैं। सीमा अपने क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, और सामाजिक विकास जैसे मुद्दों पर जोर दे रही हैं। उनकी स्टार पावर और लोकप्रियता से लोजपा (रामविलास) को मढ़ौरा सीट पर बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। सोशल मीडिया पर उनके चुनावी वीडियो और पोस्ट वायरल हो रहे हैं।
विनय बिहारी
भोजपुरी फिल्मों और संगीत जगत के मशहूर कलाकार विनय बिहारी इस बार भी सियासत के मैदान में उतर रहे हैं। बीजेपी के टिकट पर पश्चिम चंपारण या आसपास के किसी विधानसभा क्षेत्र से वे चौथी बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। अब तक वे तीन बार विधायक रह चुके हैं और अपने क्षेत्र में कई विकास कार्यों के लिए जाने जाते हैं।
रितेश पांडे
भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक रितेश पांडे अब राजनीति के मंच पर भी अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं। उन्होंने जन सुराज पार्टी से जुड़कर करगहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का एलान किया है। रितेश पांडे अपने सुरों और सादगी भरे स्वभाव से युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। अब वही लोकप्रियता वे चुनावी जनसंपर्क में भी बखूबी इस्तेमाल कर रहे हैं। उनके प्रचार अभियान में युवाओं की भारी भागीदारी देखने को मिल रही है। राजनीति में उनका यह कदम जन सुराज पार्टी के लिए युवा वर्ग को जोड़ने का बड़ा मौका माना जा रहा है।
मैथिली ठाकुर
आज हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी की स्टार उम्मीदवारों में से एक मैथिली ठाकुर हैं। मैथिली ठाकुर एक लोक और शास्त्रीय गायिका हैं। वह अपने दो भाइयों के साथ परफॉर्मेंस देकर सोशल मीडिया पर मशहूर हुईं।मैथिली को बीजेपी ने पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था। मैथिली बिहार के अलीनगर से बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।





