नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बिहार में विधानसभा चुनाव की राजनीति अपनी चरम सीमा पर है। महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा के बाद अब तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा निकल रहे हैं। इसी क्रम में, शुक्रवार की देर शाम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जितवारपुर कॉलेज मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने मौजूदा नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा और जनता से नए बिहार के निर्माण में साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास और रोजगार का अभाव सबसे बड़ी समस्या है और इसी मुद्दे को लेकर वे जनता के बीच पहुंचे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल राजनीतिक संदेश देना नहीं है, बल्कि यह युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों और मजदूरों के सम्मान, और उद्योग-कारखानों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक बड़ा अभियान है।
यह लाठी-डंडे की सरकार – तेजस्वी यादव
नीतीश सरकार पर सीधे हमला करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “यह सरकार पूरी तरह विफल है और जनता इससे त्रस्त हो चुकी है। यह लाठी-डंडे की सरकार है। लोग कह रहे हैं ‘2025 बहुत हुए नीतीश’। जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव निश्चित तौर पर होगा।”
”भविष्य के CM हैं तेजस्वी यादव”
इस मौके पर स्थानीय विधायक और बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव को भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देख रही है और बदलाव अब निश्चित है।
वहीं, राजद जिलाध्यक्ष और पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने कहा कि नीतीश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और चुनाव के बाद बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
JCB मशीनों से फूलों की वर्षा
कार्यक्रम से पहले तेजस्वी यादव का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। केवस लख्खी चौक से 750 मोटरसाइकिल और 25 घोड़ों के काफिले के साथ उन्हें लाया गया। जितवारपुर चौक पर जेसीबी मशीनों से फूलों की वर्षा और मिथिला परंपरा के अनुसार स्वागत हुआ। तेजस्वी ने समर्थकों का आभार जताया।





