नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गुरुवार (18 सितंबर, 2025) सुबह अहम मुलाकात हुई। नीतीश कुमार खुद शाह से मिलने उनके होटल पहुंचे, जहां दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई, जो राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान अमित शाह और नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति और चर्चा की है। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने अपनी खास रणनीति बनाई है।
सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के दौरान अमित शाह और नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव और एनडीए में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर चर्चा की। कहा जा रहा है कि, इस मीटिंग में गठबंधन के कई सीनियर नेता भी मौजूद थे। बैठक के बाद अमित शाह एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से वे रोहतास के लिए जाएंगे।
बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ मीटिंग
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कई अन्य नेता भी मौजूद थे। अमित शाह बुधवार रात पटना पहुंचे थे और करीब 45 मिनट तक होटल में बिहार बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक कर बिहार चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई और अमित शाह ने पार्टी को हर स्तर पर चुनाव के लिए लगातार तैयार रहने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, अमित शाह आज दो बैठकों में भाग लेंगे। एक डेहरी ऑन सोन में और दूसरी बेगूसराय में। दोनों बैठकों में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, संगठन और स्थानीय नेता, कार्यकर्ता, साथ ही संबंधित जिलों के प्रभारी मौजूद रहेंगे। बैठक में चुनावी रणनीति, तैयारियों की समीक्षा, जीत का मंत्र, बूथ सशक्तीकरण और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा होगी।
आज अमित शाह का डेहरी ऑन सोन में कार्यक्रम सुबह 12:30 बजे ललन सिंह स्टेडियम से शुरू हुआ। यहां उन्होंने रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया पूर्वी, गया पश्चिमी, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद के नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद, दोपहर 3 बजे बेगूसराय के रिफाइनरी टाउनशिप खेल मैदान में बैठक होगी, जिसमें पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के संगठनात्मक नेता शामिल होंगे।





