नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले पटना वाले खान सर एक बार फिर चर्चा में हैं, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पटना पहुंचे जहां उन्होनें मशहूर कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर से मुलाकात की है। बिहार विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले हुई इस मीटिंग से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। जहां अटकलें लगाई जा रही है कि, खान सर राजनीति में आ सकते हैं और AAP उन्हें चुनावी मैदान में उतार सकती है।
बता दें, बिहार में विधानसभा चुनाव से चंद महीने पहले मंगलवार को पटना पहुंचे आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आगामी बिहार चुनाव में सभी 243 विधानसभा सीटों पर लड़ने का ऐलान किया। इसके बाद वे खान सर से मिलने उनके कोचिंग सेंटर पहुंचे। जहां दोनों के बीच बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। अब अटकलें हैं कि खान सर राजनीति में आ सकते हैं या आप उन्हें चुनावी मैदान में उतार सकती है।
गौरतलब है कि, पटना के मशहूर कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। फिर वो उनके अपनी पढ़ाने की शैली के लिए हो या प्रतियोगी परीक्षा के अभ्यर्थियों के बीच उन्हें समझाने को लेकर हो। इस साल बिहार लोक सेवा आयोग बीपीएससी परीक्षा में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए पटना में लंबा आंदोलन चला था। जिसमें खान सर की भूमिका सक्रिय रूप से रही। वे कई बार धरना स्थल गर्दनी बाग में प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं के साथ उनकी मांगों को लेकर मुखर नजर आते दिखें। इससे पहले भी कई बार खान सर के राजनीति में आने की अटकलें लगाई जाती रही हैं।
हालांकि, वे अक्सर इस बात से इनकार करते रहे हैं। अब बिहार चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के सांसद से उनकी मुलाकात ने अटकलों का बाजार फिर से गर्म कर दिया है। हां लेकिन अब तक खान सर या आप की ओर से अभी तक इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं कहा गया है। बता दे, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले खान सर उच्च शिक्षा के लिए वे पटना आ गए थे। और फिर यहीं बस गए। पटना में वे कोचिंग सेंटर चलाते हैं। पिछले महीने ही उन्होंने सीवान की रहने वालीं एएस खान के साथ शादी की थी। जहां इसी महीने के 6 जून को पटना में उन्होंने रिसेप्शन पार्टी आयोजित किए थे जिसमें राज्यपाल से लेकर पूर्व डिप्टी सीएम, शिक्षा मंत्री उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा समेत कई नेताओं ने शिरकत की थी।
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने इस बार अकेले सभी 243 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसी सिलसिले में मंगलवार को पटना पहुंचे संजय सिंह ने गर्दनीबाग में पार्टी के धरना प्रदर्शन में हिस्सा लिया। जहां आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बिहारियों की झुग्गियों को तोड़े जाने के विरोध में केंद्र सरकार पर हमला बोला।
AAP से चुनाव लड़ चुके हैं अवध ओझा सर
बता दें, इस साल दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने यूपी के रहने वाले मशहूर कोचिंग शिक्षक अवध ओझा उर्फ ओझा सर को पटपड़गंज विधानसभा सीट से टिकट दिया था। हालांकि, प्रत्याशी रविंदर सिंह नेगी के हाथों अवध ओझा को 28 हजार वोटों से हार झेलनी पड़ी थी।





