नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मशहूर म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ में नजर आ रहे हैं और अब उन्होंने शो के दौरान अपने निजी जीवन को लेकर चुप्पी तोड़ी है। कुछ समय पहले अमाल ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट के जरिए बताया था कि वे डिप्रेशन से जूझ रहे हैं और अपने परिवार से दूरी बना चुके हैं। हालांकि बाद में उन्होंने वह पोस्ट हटा दिया था। अब बिग बॉस के घर में उन्होंने जीशान कादरी से बातचीत के दौरान इस मुद्दे पर खुलकर बात की।
अमाल ने कहा, “मैंने एक पोस्ट डाली थी इंटरनेट पर कि मैं डिप्रेशन में हूं और फैमिली से टाइज कट कर लिए हैं। शायद इसी वजह से मुझे शो में बुलाया गया। मुझे एक आइडेंटिटी क्राइसिस फील हो रही थी। गाने मैं बना रहा था, लेकिन क्रेडिट किसी और को मिल रहा था।” उन्होंने अपने छोटे भाई अरमान मलिक को लेकर भी कहा, “अरमान तो मेरे लिए बेटे जैसा है। उससे कोई शिकायत नहीं है। उसने कभी ये फील ही नहीं करवाया कि तू स्टार नहीं है या मैं स्टार हूं।”
मां से विवाद और टूटते रिश्तों का सुनाया दर्द
अमाल मलिक ने बताया कि एक दिन उनकी मां से काफी तीखी बहस हो गई थी। ये तनाव काफी समय से अंदर दबा हुआ था, जो उस दिन फूट पड़ा। अमाल ने कहा कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला तो उनके कहे शब्दों का असर पूरे परिवार पर पड़ा। लोग उनके भाई अरमान से झगड़ने लगे, पापा को लेकर बातें होने लगीं और मां की परवरिश पर सवाल उठाए जाने लगे। इसी वजह से गुस्से में उन्होंने कह दिया था कि या तो आप तीनों अपना सरनेम बदल लो, या मैं अपना बदल देता हूं। यहीं से हालात और बिगड़ गए। अमाल ने आगे बताया कि उस समय उनके जीवन में कई चीजें एकसाथ हो रही थीं। उनका पालतू कुत्ता गुजर गया था, एक सीरियस ब्रेकअप हुआ था और इन सबने मिलकर उन्हें अंदर से तोड़ दिया। उन्हीं भावनाओं में बहकर उन्होंने सबकुछ इंटरनेट पर शेयर कर दिया।
डिप्रेशन से टूट चुके थे अमाल मलिक
मार्च 2025 में अमाल मलिक ने एक इमोशनल इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने दिल की बात दुनिया के सामने रखी थी। उन्होंने पहली बार खुलासा किया कि वे क्लिनिकल डिप्रेशन से गुजर रहे हैं और पारिवारिक रिश्तों में खटास की वजह से उन्हें गहरी मानसिक और भावनात्मक चोट पहुंची है। पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि उनसे उनका सुकून छिन गया है, वे पूरी तरह से इमोशनली टूट चुके हैं और शायद आर्थिक रूप से भी कमजोर हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि पैसों की चिंता उनके लिए सबसे बड़ी नहीं है। असली तकलीफ ये है कि वे अब क्लिनिकली डिप्रेस्ड हैं और उस हालात से जूझ रहे हैं।
“परिवार से नाता तोड़ना जरूरी था”
अमाल मलिक ने इंस्टाग्राम पोस्ट में यह भी बताया था कि उन्होंने अपने परिवार से रिश्ता तोड़ लिया है। उन्होंने साफ कहा था कि यह फैसला किसी गुस्से में नहीं, बल्कि अपनी मानसिक सेहत को संभालने के लिए लिया गया है। अमाल ने लिखा था कि अब से उनका अपने परिवार से संबंध केवल प्रोफेशनल स्तर तक सीमित रहेगा। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने वह पोस्ट डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह मामला सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ चुका था। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अमाल के पिता डब्बू मलिक ने भी प्रतिक्रिया दी और अपनी गलती मानी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने अमाल को पर्याप्त महत्व नहीं दिया और छोटे बेटे अरमान मलिक को ज्यादा प्राथमिकता दी, जो अमाल के लिए कहीं न कहीं तकलीफदेह साबित हुआ।
Bigg Boss 19 में अमाल के साथ ये 15 कंटेस्टेंट्स भी पहुंचे घर के अंदर
बिग बॉस 19 की शुरुआत के साथ ही दर्शकों को एक बार फिर ड्रामा, इमोशन और एंटरटेनमेंट का फुल डोज मिल रहा है। अमाल मलिक के अलावा इस सीजन में कुल 15 और कंटेस्टेंट्स ने घर में एंट्री ली है। इनमें टीवी एक्टर गौरव खन्ना, सीनियर एक्ट्रेस कुनिका सदानंद, यंग एक्ट्रेस अशनूर कौर, एक्टर और लेखक जीशान कादरी, मृदुल तिवारी, तान्या मित्तल, बसीर अली और कॉमेडियन प्रणीत मूरे जैसे कई नाम शामिल हैं। यह शो हर दिन रात 9 बजे जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होता है, जबकि कलर्स टीवी पर इसका प्रसारण रात 10:30 बजे किया जाता है।





