नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिग बॉस 19 का फिनाले अब बस एक दिन दूर है। 7 दिसंबर की रात दर्शकों को इस सीजन का विनर मिल जाएगा। 24 अगस्त से शुरू हुए इस रियलिटी शो ने दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा, तकरार और एंटरटेनमेंट दिया, लेकिन इस पूरे सफर में कई ऐसे पल भी आए, जब घरवाले ही नहीं बल्कि फैंस भी भावुक हो उठे।
फिनाले से पहले जियो हॉटस्टार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें सीजन के सबसे इमोशनल पलों को एक साथ दिखाया गया है। वीडियो के साथ लिखा गया है- “इस सीजन ऐसे कई पल रहे जब कंटेस्टेंट्स ने गेम से ज्यादा अपने इमोशन्स को तवज्जो दी। आपका फेवरेट इमोशनल मोमेंट कौन सा है?
मृदुल के एविक्शन पर गौरव खन्ना के छलके आंसू
इस इमोशनल वीडियो की शुरुआत उस पल से होती है, जब मृदुल तिवारी घर से बेघर हुए थे। मृदुल के एविक्शन के दौरान गौरव खन्ना उन्हें गले लगाकर फूट-फूटकर रो पड़े थे। उनकी आंखों से बहते आंसू इस बात का सबूत थे कि घर के अंदर सिर्फ खेल नहीं, गहरे रिश्ते भी बन चुके थे। इसके बाद वीडियो में वह पल भी दिखाया गया है, जब अशनूर के पिता घर में आए थे। इस दौरान मालती अपने पिता को याद कर भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों से दर्द आंसुओं के जरिए छलक पड़ा था।
अमाल मलिक के पिता के सामने टूट गए थे कंटेस्टेंट
वीडियो में एक और भावुक कर देने वाला पल दिखाया गया है, जब वीकेंड का वार एपिसोड में अमाल मलिक के पिता घर में आए थे। फरहाना और उनकी मां को लेकर अमाल के विवादित कमेंट्स के बाद उनके पिता बेटे को समझाने पहुंचे थे। इस दौरान अपने पिता को इमोशनल होते देखकर अमाल खुद भी फूट-फूटकर रो पड़े थे। यह सीन सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ और यूजर्स की आंखें नम कर गया।
फरहाना भट्ट के टूटने का पल बना सबसे ज्यादा भावुक
वीडियो में फरहाना भट्ट का एक बेहद दर्दनाक और निजी भावुक पल भी दिखाया गया है। जब घर में एक एस्ट्रोलॉजर आई थीं और उन्होंने फरहाना से उनके पिता को लेकर सवाल किया था, तो फरहाना अंदर से बिखर गई थीं। एस्ट्रोलॉजर के जाने के बाद फरहाना ने अमाल से कहा था- मुझे पसंद नहीं कि लोग मेरे पिता के बारे में बात करें। इसके बाद वह अकेले बैठकर खाना खाते हुए फूट-फूटकर रोई थीं। इसके अलावा, जब फरहाना ने गुस्से में नीलम के घर से आई चिट्ठी फाड़ दी थी, तो उस वक्त पूरा घर इमोशनल हो गया था। नीलम गिरी भी खुद को संभाल नहीं पाई थीं। यही नहीं, प्लेट तोड़ने के बाद तान्या मित्तल भी डर और भावुकता में रो पड़ी थीं।
अभिषेक के एविक्शन और कुनिका के बेटे की एंट्री ने रुलाया
वीडियो में वह पल भी शामिल है जब अभिषेक बजाज घर से बेघर हुए थे। उनके एविक्शन के दौरान अशनूर बुरी तरह टूट गई थीं। यह एविक्शन प्रणित मोरे की वजह से हुआ था, जिससे घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया था। वहीं, वीकेंड के वार पर जब कुनिका का बेटा घर में आया, तो कुनिका खुद को संभाल नहीं पाईं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। यह पल भी फैंस के दिल को छू गया।
सोशल मीडिया पर भावनाओं की बाढ़
सोशल मीडिया पर बिग बॉस 19 के इमोशनल पलों को लेकर लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। फैंस ने अभिषेक बजाज के एविक्शन और फरहाना, नीलम व कुनिका के भावुक लम्हों को सीजन का सबसे दर्दनाक और यादगार पल बताया।
फिनाले से पहले भावनाओं का चरम
बिग बॉस 19 का यह सफर अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। जहां एक ओर ट्रॉफी जीतने की होड़ है, वहीं दूसरी ओर ये इमोशनल पल साबित करते हैं कि यह शो सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि रिश्तों, जज़्बातों और संघर्षों की भी कहानी है। अब सभी की निगाहें 7 दिसंबर की रात पर टिकी हैं, जब देश को बिग बॉस 19 का विजेता मिलेगा।





