नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज की है, लेकिन अब महायुति गठबंधन में सीएम चेहरे पर फैसला लेने में बड़ी समस्या आ रही है। हालांकि अब इसे लेकर सारी अटकलों पर विराम लग गया है। एकनाथ शिंदे ने पीएम मोदी पर फैसला छोड़ते हुए सीएम पद पर दावा छोड़ने के संकेत दिए।
“एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करेंगे”
शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय शिरसाट ने मीडिया से बातचीत के दौरान साफ कर दिया था कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करेंगे। संजय शिरसाट ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 एकनाथ शिंदे के नाम पर ही लड़ा गया था। इसलिए एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के सीएम पद के हकदार हैं। वह महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम का पद स्वीकार नहीं करेंगे। लेकिन तस्वीर ठीक इसके उलट नजर आ रही है।
शिवसेना और बीजेपी कर रहे थे अलग-अलग दावे
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, शिवसेना यह भी दावा कर रही है कि लोकसभा चुनाव 2024 में महायुति के खराब प्रदर्शन के बाद यह तय किया गया था कि अगर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति गठबंधन की सरकार बनती है तो राज्य का मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बनाया जाएगा। वहीं बीजेपी का इसको लेकर कहना है कि पहले यह तय हुआ था कि विधानसभा चुनाव के बाद तीन दलों के नेता साथ बैठकर सीएम के चेहरे का फैसला करेंगे।
शिंदे जून-जुलाई 2022 में अविभाजित शिवसेना से अलग हो गए थे
बता दें कि एकनाथ शिंदे जून-जुलाई 2022 में कई विधायकों के साथ अविभाजित शिवसेना से अलग हो गए थे। इसके बाद एकनाथ शिंदे ने बीजेपी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में सरकार बनाई थी और राज्य के सीएम बन गए थे। वहीं बीजेपी ने इस दौरान देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बनाया था।





