नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बीते दिन 20 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों (Maharashtra Assembly Elections 2024) के लिए वोटिंग हो चुकी है। अब उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 23 नवंबर को सबके सामने आ जाएगा। हालांकि वोटिग खत्म होते ही अब कयासों का दौर चल पड़ा है कि महाराष्ट्र में अगली सरकार कौन सा गठबंधन बनाने जा रहा है। वोटिंग के खत्म होते ही अलग अलग सर्वे करने वाली एजेंसियों के अपने अपने एक्जिट पोल जारी कर दिए हैं जिसमें अधिकतर सर्वे में महायुति गठबंधन को शुरुआती बढ़त मिलती हुई दिखाई दे रही है। जबकि कुछेक सर्वे ऐसे भी हैं जो महाविकास गठबंधन को बढ़त दिखा रहे हैं।
30 साल बाद हुई है बंपर वोटिंग
30 साल के बाद यह पहला मौका है जब महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बंपर वोटिंग हुई है। चुनाव आयोग के द्वारा जारी किए आंकडे के मुताबिक महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 65.1 प्रतिशत मतदान हुआ है। इससे पहले इससे ज्यादा बंपर मतदान साल 1995 में 71.69 प्रतिशत हुआ था। बीते कुछ महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र मे वोटिंग प्रतिशत 61.39 रहा जबकि 2019 विधानसभा चुनाव में 61.4 प्रतिशत वोट पड़े थे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सर्वे एजेंसियो के अनुमान
वोटिंग खत्म होते ही एजेंसियों ने अपने अपने सर्वे जारी कर दिए। मैट्रिज के मुताबिक महायुति को 150-170 सीट मिल सकती हैं जबकि MVA को 110-130 के बीच सीट मिल सकती हैं। P-MRQ के अनुसार 137 से 157 सीट महायुति को मिल सकती हैं जबकि महाविकास अघाड़ी (MVA) के खाते मे 126-146 सीट जा सकती हैं। इसके अलावा इलेक्टोरल एज ने महायुति के खाते में 118 सीट दी हैं जबकि महाविकास अघाड़ी के खाते में 150 सीटों के साथ सरकार बनाते हुए दिखाया गया है। चाणक्य के हिसाब से MVA 130-138 जीत सकती है और महायुति 152-160 सीट जीत सकती है।





