नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क । मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट पर के नतीजों पर खास नजर बनी हुई है। इस सीट पर मतदान वाले दिन मतदाताओं और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर हंगामा मचा था। ककरौली थाना क्षेत्र से संबंधित मतदान केंद्र पर काफी भीड़ जुट गई थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी को बंदूक ताननी पड़ गई थी।
वहीं इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए सवाल खड़े कर दिए थे। उन्होंने प्रशासन पर सपा मतदाताओं मतदान करने से रोकने का आरोप लगाया था। इसलिए इस सीट पर रिजल्ट को लेकर काफी दिलचस्पी बनी हुई है। इस सीट पर पहले राउंड की गिनती में बीजेपी की सहयोगी पार्टी आरएलडी आगे हैं। वहीं सपा की सुम्बुल राणा पीछे चल रही हैं। पहले राउंड में मीरापुर में 2500 वोट से आरएलडी आगे हैं।
गौरतलब है कि मीरापुर उपचुनाव में हंगामे के बीच 60 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का उपयोग किया था। मतदान के दौरान ककरौली इलाके में मुस्लिम मतदाता हंगामे पर उतर आए थे, उनका कहना था कि पुलिस कर्मियों द्वारा वोट डालने से रोका जा रहा है । इस बीच पुलिस को बल का प्रयोग कर भीड़ हटाने का प्रयास हुआ था।
किस पार्टी से कौन उम्मीदवार ?
मीरापुर विधानसभा सीट से एनडीए की ओर से बीजेपी की सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के टिकट पर मिथिलेश पाल को चुनाव मैदान में हैं । एनडीए की मिथिलेश के सामने विपक्षी इंडिया ब्लॉक की ओर से समाजवादी पार्टी (सपा) उम्मीदवार सुम्बुल राणा, एडवोकेट चंद्रशेखर की अगुवाई वाली आजाद समाज पार्टी के जाहिद हुसैन और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के शाहनजर की चुनौती है। इस सीट पर एनडीए और इंडिया ब्लॉक, दोनों ही गठबंधनों ने बाहरी उम्मीदवार पर दांव लगाया है।
मुस्लिम, जाट और दलित वोटर तय करते हैं जीत-हार
मीरापुर सीट पर मतदाताओं की संख्या 3 लाख 25 हज़ार है, जिनमें 1 लाख 30 हज़ार मुस्लिम मतदाता हैं। दलित मतदाता 50 हज़ार, जाट मतदाता 35 हजार, पाल मतदाता 20 हजार, सैनी 20 हजार और गुर्जर लगभग 18 हजार हैं। अन्य केटेगरी में लगभग 50 हजार मतदाता शामिल हैं ।





