हर किसी की ख्वाहिश होती है कि वह खूबसूरत दिखे लेकिन यह जरूरी तो नहीं की आपके शरीर का हर अंग उस शेप का हो जैसा आप चाहती हैं। ऐसे ही लोगों की परेशानी का हल है कॉस्मेटिक सर्जरी, जिससे ना केवल शरीर के अंगों को बेहतर और मनचाहा आकार दिया जा सकता है बल्कि त्वचा को भी बेदाग़ और जवां लुक दिया जा सकता है।
कॉस्मेटिक सर्जरी स्थाई तथा अस्थाई दोनों ही तरह की होती है। आइये आपको बताते हैं कुछ कॉमन कॉस्मेटिक सर्जरी के बारे में जो सबसे ज्यादा कराई जाती हैं।
1- रहिनोप्लास्टी- नाक की सर्जरी - Rhinoplasty – Nose Surgery
इसके अंतर्गत नाक को सही आकार दिया जाता है। बड़ी नाक को छोटा, छोटी नाक को बड़ा, नाक के छेदों को छोटा या बड़ा, मोटी नाक को पतला या आप कोई और शेप चाहें तो वह भी दिया जाता है।
यह सर्जरी महिला तथा पुरुष दोनों में प्रचलित है लेकिन महिलायें इसे ज्यादा कराती हैं। सर्जरी के बाद रिकवर होने ने एक से तीन हफ्तों का समय लगता है, लेकिन आठ हफ्तों तक नाक को जोर से छूने या धूप में जाने की मनाही होती है।
2- ब्रेस्ट ऑग्मेंटशन - स्तन सर्जरी - Breast Augmentation – Breast Surgery
यह सर्जरी ज्यादातर छोटे स्तनों को बड़ा करवाने के लिए की जाती है। इसके तहत सलाइन या सिलिकॉन को स्तनों के अंदर भर दिया जाता है जिससे वक्ष बड़ा तथा सुडौल नज़र आता है। साथ ही स्तनों का आकर भी बेहतर हो जाता है। इस सर्जरी के बाद रिकवर होने में कुछ दिन लगते हैं लेकिन 3 से 4 हफ्तों तक स्तनों से फिजिकल कांटेक्ट ना करने की सलाह दी जाती है।
3- ब्लेफ्रोप्लास्टी - पलकों की सर्जरी - Blepharoplasty – Eyelid Surgery
यह सर्जरी आँखों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए की जाती है। इसमें सूजी हुई पलकों या आँखों के नीचे के उभार को कम किया जाता है। जिससे आँखें बड़ी और खूबसूरत नज़र आती हैं। झुकी हुई भौहों को उठाने के लिए ब्रो लिफ्ट सर्जरी (Brow Lift Surgery) भी कराई जा सकती है।
4- हेयर ट्रांसप्लांटेशन - Hair Transplantation
उम्र के साथ गंजेपन से परेशान लोगों के लिए हेयर ट्रांसप्लांटेशन सर्जरी वरदान के समान है। खासकर पुरुष इस सर्जरी को ज्यादा करवाते हैं। इसके तहत आपके सर के फोलिकल में बालों को इम्प्लांट किया जाता है जो बाद में प्राकर्तिक तरीके से ही बढ़ते हैं और सामान्य नज़र आते हैं।
5- ब्राकिओप्लास्टी - अपर आर्म लिफ्ट - Brachioplasty – Upper Arm Lift
उम्र बढ़ने के साथ बाजू के नीचे का हिस्सा ढीला होकर लटक जाता है। यह जैली की तरह पिलपिला हो जाता है। ऐसे में बाहों से अतिरिक्त त्वचा और वसा को अलग करके बाहों को सुडौल बनाया जाता है। इस सर्जरी के बाद रिकवर करने में एक हफ्ते का समय लगता है।
6- बटक लिफ्ट - Buttock Lift
कूल्हों को सही आकार देने और भरा हुआ दिखाने के लिए बटक लिफ्ट सर्जरी कराई जाती है। कूल्हों में उभार की कमी होने पर ज्यादातर महिलायें इसे करवाती हैं। इस सर्जरी के बाद रिकवर होने में दो हफ्तों का समय लग जाता है और सूजन कई महीनों तक रह सकती है। जाहिर तौर पर इस सर्जरी की मदद से आप आकर्षक फिगर पा सकती हैं।
7- बोटॉक्स इंजेक्शन - Botox Injection
चेहरे की त्वचा को झुर्रियों रहित और कसा हुआ दिखाने के लिए बोटॉक्स का इंजेक्शन लिया जाता है। इससे चेहरे की महीन रेखाओं और आँखों के आस पास की सिलवटों को भी ख़त्म किया जा सकता है। इसके तहत माथे की कुछ मासपेशियों को पैरालाइज़ कर दिया जाता है जिनसे इन मासपेशियों में कोई हलचल नहीं होती।
बोटॉक्स इंजेक्शन लगवाने के बाद आपको सूजन और सुन्नपन लग सकता है। इसके परिणाम अस्थाई होते हैं जिन्हें हर तीन से चार महीने पर आपको दोहराना होगा। लेकिन आप काफी हद तक चेहरे को आकर्षक बना सकती हैं।