मध्य प्रदेश

मंदसौर के बारे में जानकारी - Mandsaur in Hindi

मंदसौर, भारत के मध्य प्रदेश राज्य का एक ऐतिहासिक शहर है, जो लगभग 5530 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। आजादी से पूर्व यह शहर ग्वालियर का हिस्सा हुआ करता था। प्राचीनकाल में इसे दशपुर के नाम से जाना जाता था। मंदसौर, सनातन (हिन्दू) तथा जैन मंदिरों से लिए भी अत्यधिक प्रसिद्ध है, यहां पशुपतिनाथ मंदिर व अन्य दर्शनीय स्थल हैं। इसके अतिरिक्त मंदसौर, अफीम की खेती के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां अफीम की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है।

मंदसौर कैसे पहुंचें -

उदयपुर का महाराणा प्रताप तथा इंदौर का देवी अहिल्या बाई होल्कर हवाई अड्डा मंदसौर के निकटतम हवाई अड्डे हैं, जहां देश के किसी भी बड़े शहर से विमान द्वारा पहुँचा जा सकता है। यदि आप रेलमार्ग द्वारा जाना चाहते हैं तो मंदसौर रेलवे स्टेशन द्वारा मंदसौर पहुंच सकते हैं। सड़क मार्ग से जाने वाले पर्यटक, राष्ट्रीय राजमार्ग 31 का उपयोग कर मंदसौर पहुँच सकते हैं।

मंदसौर घूमने का समय -

मंदसौर एक ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल है, जिसकी यात्रा करने के लिए अक्टूबर से मार्च तक का समय श्रेष्ठ है।